सरायरंजन में फर्जी शिक्षक नियुक्ति मामले में प्रधानाध्यापिका समेत दो पर एफआईआर

Updated:
विज्ञापन

प्राथमिक विद्यालय नौआचक | Prabhat Khabar Network

समस्तीपुर के सरायरंजन प्रखंड में फर्जी शिक्षक नियुक्ति का मामला सामने आया है. प्रभारी प्रधानाध्यापिका और एक कथित शिक्षक पर सरकारी राशि के अवैध भुगतान का प्रयास करने का आरोप है. इस मामले में दोनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.

विज्ञापन

Samastipur News: सरायरंजन प्रखंड की नौआचक पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय, नौआचक वार्ड संख्या-02 में फर्जी तरीके से शिक्षक का योगदान कराकर सरकारी राशि के अवैध भुगतान के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी के आवेदन पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका ममता कुमारी और कथित शिक्षक मो. जावेद के विरुद्ध सरायरंजन थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

फर्जी योगदान कर वेतन भुगतान की साजिश का आरोप

बीईओ ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने विभागीय नियमों की अनदेखी करते हुए मो. जावेद का विद्यालय में फर्जी तरीके से योगदान कराया. इसके बाद मार्च 2026 से उसकी उपस्थिति दर्ज कर सरकारी वेतन भुगतान कराने का प्रयास किया गया.

जांच में सामने आईं कई अनियमितताएं

जांच के दौरान पाया गया कि मो. जावेद का नाम नियोजन इकाई के किसी भी वैध अभिलेख या सूची में दर्ज नहीं है. साथ ही प्रस्तुत नियोजन पत्र और पंचायत सचिव के हस्ताक्षर की तिथियों में भी गंभीर विसंगतियां मिली हैं.

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) और जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर सरायरंजन थाना कांड संख्या 129/26 दर्ज किया गया.

कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 336(3) (जालसाजी), 338 (फर्जी दस्तावेज का वास्तविक के रूप में उपयोग), 340(2), 344 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन