रोसड़ा में बिजली अपडेट के लिए बना WhatsApp ग्रुप, सूचना मिल रही समय पर लेकिन बार-बार कटौती से लोग परेशान

बिजली तार से सटी शाखाओं की छटाईं करते कर्मी
रोसड़ा में बिजली आपूर्ति की जानकारी के लिए WhatsApp ग्रुप बनाया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर सूचना मिल रही है। हालांकि, लगातार हो रही बिजली कटौती अभी भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
Rosera Electricity Update: शहरी क्षेत्र के कनीय विद्युत अभियंता संतोष कुमार की पहल पर बनाया गया 'इलेक्ट्रिसिटी रोसड़ा' WhatsApp ग्रुप इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. इस ग्रुप के माध्यम से बिजली आपूर्ति, ब्रेकडाउन, ट्रांसफार्मर खराब होने, मरम्मत कार्य और बिजली बहाली की जानकारी उपभोक्ताओं तक समय पर पहुंचाई जा रही है.
उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर सूचना मिलने से उन्हें राहत मिलती है, लेकिन लगातार हो रही बिजली कटौती अब भी बड़ी समस्या बनी हुई है.
सूचना समय पर, लेकिन बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
बारिश के दौरान पेड़ों की टहनियां बिजली तारों से सटने, ट्रांसफार्मर खराब होने और मरम्मत कार्य के कारण कई इलाकों में दिन में कई बार बिजली बाधित हो रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना देने की व्यवस्था सराहनीय है, लेकिन बिजली आपूर्ति को स्थायी रूप से बेहतर बनाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए.
एक दिन में कई तकनीकी खराबियां आईं
जेई संतोष कुमार ने बताया कि 9 जुलाई को महादेव मठ स्थित ट्रांसफार्मर खराब हो गया था. विभागीय टीम ने करीब 10 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी.
इसी दिन गायत्री नगर स्थित शनिदेव मंदिर के पास लगे 200 केवीए ट्रांसफार्मर की 11 हजार वोल्ट की केबल में तकनीकी खराबी आ गई. वैकल्पिक केबल भी खराब मिलने के कारण नई व्यवस्था तैयार करनी पड़ी.
मरम्मत के दौरान कर्मी हुआ घायल
दूधपुरा सेक्शन में मरम्मत कार्य के दौरान विभाग का एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भेजा गया. विभाग के अनुसार अब उसकी स्थिति सामान्य है.
जेई ने अस्पताल प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग के लिए आभार जताया.
पेड़ों की टहनियां बन रही बड़ी वजह
जेई ने बताया कि थतिया फीडर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ों की शाखाएं नंगे बिजली तारों से सटी हुई हैं. तेज हवा और बारिश के दौरान यही बार-बार फॉल्ट और लंबे ब्रेकडाउन का कारण बन रही हैं.
उन्होंने चकथात पूर्वी और पश्चिमी पंचायत के जनप्रतिनिधियों, मुखिया, वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों से संयुक्त रूप से पेड़ों की कटाई-छंटाई की कार्ययोजना बनाने की अपील की है, ताकि भविष्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके.
यूआर कॉलेज के पास ट्रांसफार्मर जला
बिजली विभाग ने एक अन्य सूचना में बताया कि यूआर कॉलेज के पास लगा ट्रांसफार्मर जल जाने से शारदा नगर और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है.
विभाग के अनुसार नया ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य जारी है और शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










