दलसिंहसराय में अंतिम सोमवारी पर बदला ट्रैफिक प्लान, शाम 4 बजे बाद इन रास्तों पर छोटे वाहनों की नो एंट्री

Updated:
विज्ञापन

जानकारी देते अनुमंडल पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

श्रावण मास की अंतिम सोमवारी को लेकर दलसिंहसराय प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है. 23-24 अगस्त को NH-28 सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है. जानें बड़े और छोटे वाहनों के लिए निर्धारित रूट और समय सीमा.

विज्ञापन

Dalsinghsarai News: श्रावण मास की अंतिम सोमवारी को लेकर दलसिंहसराय प्रशासन ने श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया है. 23 अगस्त की शाम से 24 अगस्त तक कांवरियों की संभावित भीड़ को देखते हुए एनएच-28 सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है. बड़े और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किये गये हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

बड़े वाहनों के लिए बदला गया रूट

एसडीओ किशन कुमार ने बताया कि मुजफ्फरपुर से बेगूसराय जाने वाले बड़े वाहन दरभंगा, रोसड़ा और मंझौल होते हुए बेगूसराय जायेंगे.

वहीं बेगूसराय से मुजफ्फरपुर और हाजीपुर जाने वाली बसों और ट्रकों को मंझौल, रोसड़ा और दरभंगा के रास्ते भेजा जायेगा. बेगूसराय से दरभंगा जाने वाले बड़े वाहनों के लिए भी मंझौल और रोसड़ा होकर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है.

शाम 4 बजे के बाद छोटे वाहनों पर रोक

23 अगस्त को शाम 4 बजे तक छोटे वाहनों को बेगूसराय से बछवाड़ा होते हुए दलसिंहसराय के रास्ते मुजफ्फरपुर जाने की अनुमति रहेगी. इसके बाद शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक दलसिंहसराय के डैनी चौक से बछवाड़ा तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.

प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित समय और वैकल्पिक मार्ग का पालन करने की अपील की है.

एनएच-28 पर विशेष यातायात व्यवस्था

अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवरिए जलाभिषेक के लिए निकलेंगे. इसे देखते हुए एनएच-28 के आरओबी, काली चौक समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर यातायात नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गयी है.

कांवरिया मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती कर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया जायेगा. प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू की है.

सेवा पंडालों में नाच-आर्केस्ट्रा पर रहेगी रोक

एसडीओ किशन कुमार ने बताया कि कांवरिया सेवा पंडालों में नाच और आर्केस्ट्रा कराने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी. नाच-आर्केस्ट्रा कराते हुए पकड़े जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी.

पंडालों के आगे बिजली के तार लगाने पर भी सख्त रोक रहेगी. झामटिया जाने के दौरान वाहन चालकों को क्षमता के अनुसार ही कांवरियों को बैठाने का निर्देश दिया गया है. ओवरलोडिंग करने पर दुर्घटना की स्थिति में वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.

निजी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवा का निर्देश

एसडीओ ने यात्रा मार्ग में पड़ने वाले निजी अस्पताल संचालकों से कांवरिया यात्रा के दिन इमरजेंसी सेवा उपलब्ध रखने और एंबुलेंस की व्यवस्था रखने की अपील की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जा सके.

कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी रहेगी प्रभावित

बिजली एसडीओ नीलेश कुमार ने बताया कि यातायात और कांवरिया व्यवस्था को देखते हुए संबंधित विद्युत फीडरों को निर्धारित अवधि में बंद रखा जायेगा.

इसके कारण कांवरिया सड़क मार्ग से जुड़े क्षेत्रों में 23 अगस्त की शाम से रात 1 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है. विभाग ने लोगों से आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लेने की अपील की है.

मौके पर निर्वाचन पदाधिकारी रवि रंजन कुमार, बीडीओ राजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

यह भी पढ़ें

Samastipur News: गंगा के ढाब में डूबे 14 वर्षीय किशोर का शव 22 घंटे बाद बरामद


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन