पार्षद विहीन वार्ड-5 की बदहाल सड़क पर महापौर का संज्ञान, देर रात तक चला मरम्मत कार्य

Updated:
विज्ञापन

जायजा लेता महापौर व अन्य | Prabhat Khabar Network

सहरसा के वार्ड नंबर 5 में पार्षद नहीं होने के कारण सड़कों की बदहाल स्थिति पर महापौर ने संज्ञान लिया है. शिवपुरी स्थित महर्षि मेंहीं आश्रम रोड की हालत देखकर तत्काल मरम्मत का काम शुरू किया गया. स्थानीय लोगों ने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है.

विज्ञापन

सहरसा : सहरसा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच में पार्षद नहीं होने के कारण विकास कार्यों पर सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच शिवपुरी स्थित महर्षि मेंहीं आश्रम रोड की बदहाल स्थिति का शुक्रवार को महापौर बैन प्रिया और वार्ड नंबर 17 के पार्षद राजेश सिंह ने जायजा लिया. सड़क की स्थिति अत्यंत खराब मिलने और आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए महापौर ने तत्काल संज्ञान लिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

सड़क की बदहाली देख तत्काल लिया फैसला

निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति काफी खराब पायी गयी. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वार्ड नंबर पांच में फिलहाल पार्षद नहीं होने के कारण विकास कार्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं मिल पाने की बात भी सामने आयी.

महापौर ने सड़क की समस्या को नगर निगम बोर्ड की बैठक में शामिल कराने के साथ ही तत्काल इसे आम लोगों के आवागमन योग्य बनाने की पहल की. इसके बाद सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया गया.

त्योहार के बावजूद देर रात तक श्रमदान

महापौर की पहल के बाद संजीव झा विचार मंच से जुड़े सदस्यों ने सड़क को चलने लायक बनाने का जिम्मा उठाया. त्योहारी अवसर होने के बावजूद सदस्यों ने देर रात तक श्रमदान कर सड़क की स्थिति सुधारने का प्रयास किया.

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क के दुरुस्त होने से आश्रम रोड से आने-जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी.

पार्षद नहीं होने से विकास प्रभावित न हो, लोगों ने की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से वार्ड नंबर पांच पर विशेष ध्यान देने की मांग की है. उनका कहना है कि पार्षद विहीन होने के कारण वार्ड विकास की दौड़ में पीछे नहीं छूटना चाहिए. इसके लिए सड़क के साथ नाला, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं पर नियमित ध्यान देने की जरूरत है.

लोगों ने वार्ड नंबर पांच को बेहतर सुविधाओं से युक्त आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करने की अपेक्षा जतायी. स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि की अनुपस्थिति में भी नगर निगम को वार्ड की समस्याओं की नियमित निगरानी करनी चाहिए.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन