सहरसा के 26 शिक्षकों को मिला बेस्ट टीचर अवार्ड, डीएम ने लिया विषय ज्ञान का टेस्ट
शिक्षक को सम्मानित करते डीएम | Prabhat Khabar Network
सहरसा में शिक्षक दिवस पर 26 शिक्षकों को बेस्ट टीचर अवार्ड से सम्मानित किया गया. जिलाधिकारी ने शिक्षकों की विषयगत दक्षता की जांच की और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया.
सहरसा : शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 26 शिक्षकों को बेस्ट टीचर अवार्ड से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी रोहित आनंद सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे.
आपके शहर में
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने चयनित शिक्षकों का मौखिक टेस्ट भी लिया. उन्होंने शिक्षकों से उनकी शैक्षणिक योग्यता, विश्वविद्यालय और स्नातक विषय की जानकारी लेने के बाद संबंधित विषयों से जुड़े सवाल पूछे. इस दौरान कुछ शिक्षक सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जबकि कई शिक्षकों ने बेहतर उत्तर देकर अपनी विषयगत दक्षता का परिचय दिया.
बेस्ट टीचर अवार्ड के साथ विषय ज्ञान की भी होगी जांच
डीएम ने कहा कि बेस्ट टीचर का पुरस्कार केवल सम्मान नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षण की जिम्मेदारी भी है. शिक्षक बच्चों के भविष्य के निर्माता हैं. इसलिए उन्हें अपने विषय और शिक्षण पद्धति में लगातार दक्षता हासिल करनी होगी.
बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को जिले के मॉडल स्कूलों में आवश्यकता के अनुसार प्रतिनियुक्त करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया. डीएम ने कहा कि अब प्रत्येक शनिवार को स्कूलों का निरीक्षण किया जायेगा. इस दौरान शिक्षकों के विषय ज्ञान की भी जांच होगी.
उन्होंने स्पष्ट किया कि लगातार कमजोर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा जायेगा. शिक्षकों को अपनी शिक्षण व्यवस्था में सुधार करने की हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई शिक्षक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में सक्षम नहीं है, तो उसे अपनी जिम्मेदारी पर गंभीरता से विचार करना होगा.
11 मॉडल स्कूलों में बेहतर पढ़ाई पर जोर
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि जिले में 11 मॉडल स्कूल चयनित किये गये हैं. राज्य सरकार के निर्देश के अनुरूप इन विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. इसके लिए बेहतर शिक्षकों का चयन कर आवश्यकता के अनुसार उनकी प्रतिनियुक्ति की जा रही है.
उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए विद्या ऐप के माध्यम से 24×7 लाइव क्लास की व्यवस्था की जा रही है. इसके साथ ही विद्यार्थियों में संगीत और खेल के प्रति रुचि विकसित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है.
विद्यालयों में अभिभावकों के साथ नियमित बैठक आयोजित कर बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर चर्चा करने के निर्देश भी दिये गये हैं.
शिक्षकों के लिए क्या है डीएम का संदेश?
- बेस्ट टीचर अवार्ड के साथ बेहतर शिक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी.
- हर शनिवार स्कूलों का निरीक्षण किया जायेगा.
- शिक्षकों के विषय ज्ञान की जांच भी होगी.
- लगातार कमजोर प्रदर्शन पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है.
- बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को मॉडल स्कूलों में प्रतिनियुक्त किया जायेगा.
- 11 मॉडल स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
- विद्या ऐप के माध्यम से 24×7 लाइव क्लास की व्यवस्था की जा रही है.
इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित
बेस्ट टीचर अवार्ड के लिए चयनित शिक्षकों में प्रीतम कुमार, चंपा यादव, हसन इमाम, सीतांशु कुमार सौरभ, संजीव कुमार सिंह, विपिन कुमार, घनश्याम कुमार, सुधा कुमारी, अंजनी आनंद, प्रसून रंजन सिंह, कपिल देव यादव, राम कुमार, रणधीर कुमार, अमित कुमार, धनंजय कुमार, कुंवर नम्रता आनंद, पंकज कुमार, विकास कुमार, उदय कांत तांती, विक्रमजीत कुमार विनोद, सुधीर पंडित, अमन देव, राहुल कुमार दुलारे, नीतीश कुमार, शिवनाथ कुमार यादव और हिमांशु शुभम शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए