सहरसा: पतरघट में निर्माण कामगार यूनियन (CITU) का सम्मेलन, 4 लेबर कोड और कल्याण बोर्ड की विसंगतियों के खिलाफ आंदोलन का एलान
बैठक करते संघ सदस्य | Prabhat Khabar Network
सहरसा के पतरघट में बिहार राज्य निर्माण कामगार यूनियन (सीटू) का तीसरा त्रैवार्षिक सम्मेलन आयोजित हुआ. इस दौरान 17 सदस्यीय नई आंचल कमेटी का गठन किया गया और केंद्र व राज्य सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया.
सहरसा जिले के पतरघट में बिहार राज्य निर्माण कामगार यूनियन (सीटू) की आंचल कमेटी का तीसरा त्रैवार्षिक सम्मेलन उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया. सम्मेलन में पूर्व की कमेटी को भंग करते हुए 17 सदस्यीय नई आंचल कमेटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता साहेब मुखिया, दिनेश यादव एवं रमेश कुमार शर्मा ने की. सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों, 4 लेबर कोड को लागू करने और निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की तकनीकी खामियों के खिलाफ चरणबद्ध संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया.
आपके शहर में
4 लेबर कोड के जरिए मजदूरों के अधिकारों पर हमला: जिला सचिव
सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन करते हुए यूनियन के जिला सचिव नसीमुद्दीन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें संगठित व असंगठित क्षेत्र के कामगारों के अधिकारों का हनन कर रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों के संघर्ष के बाद हासिल किए गए 44 हितकारी श्रम कानूनों को समाप्त कर कॉरपोरेट परस्त चार नए लेबर कोड थोपे गए हैं. इससे श्रमिकों के काम के घंटे, न्यूनतम मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा पर गहरा संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग इस अन्याय को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन छेड़ेगा.
कल्याणकारी बोर्ड के लाभ से वंचित हो रहे निबंधित मजदूर
सीटू के कार्यकारी अध्यक्ष दुखी शर्मा ने कहा कि बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCWB) का गठन मजदूरों के लंबे संघर्ष का परिणाम था.
इसके बावजूद आज पोर्टल की तकनीकी खामियों और जटिल नियमों की आड़ में निबंधित निर्माण श्रमिकों के वैध आवेदनों को लगातार रद्द किया जा रहा है. उन्होंने मांग की कि छात्रवृत्ति, मातृत्व लाभ, चिकित्सा अनुदान और पेंशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मजदूरों को बिना किसी प्रशासनिक बाधा के पारदर्शी रूप से दिया जाए.
17 सदस्यीय नई आंचल कमेटी का हुआ गठन
सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से पतरघट आंचल की 17 सदस्यीय नई कार्यकारिणी समिति का चुनाव संपन्न हुआ:
- प्रखंड अध्यक्ष: सूरज सदा
- प्रखंड सचिव: रमेश कुमार शर्मा
- कोषाध्यक्ष: रानी देवी
गांव-गांव चलेगा सदस्यता अभियान, तेज होगा संघर्ष
नवचयनित पदाधिकारियों ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी दिनों में पंचायत और गांव स्तर पर सघन सदस्यता अभियान चलाकर संगठन का विस्तार किया जाएगा. यूनियन के नेताओं ने चेतावनी दी कि मजदूरों के हक में रोड़ा अटकाने वाले बिचौलियों और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ महिला व पुरुष श्रमिक एकजुट होकर आर-पार का संघर्ष करेंगे.
सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कामगार रहे मौजूद
सम्मेलन में मुख्य रूप से मिशो देवी, उषा देवी, बीवी सांपो खातून, मरियम खातून, सबरून खातून, रंजू देवी, चंपा देवी, प्रिया कुमारी, रेणु देवी, नैना देवी सहित बड़ी संख्या में निबंधित निर्माण कामगार और यूनियन कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए