सुरक्षा और सम्मान की मांग को लेकर सलखुआ के बीडीओ ने बांधी काली पट्टी, राज्यव्यापी विरोध आंदोलन शुरू

फोटो - काली पट्टी लगा विरोध जताते बीडीओ | Prabhat Khabar Network
सलखुआ प्रखंड के बीडीओ ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया. यह राज्यव्यापी आंदोलन का हिस्सा है, जिसमें अधिकारी सुरक्षा और सम्मान की मांग कर रहे हैं. मांगे पूरी न होने तक जारी रहेगा विरोध.
BDO Protest: सलखुआ प्रखंड में सोमवार से प्रखंड विकास पदाधिकारी संघ के राज्यव्यापी विरोध आंदोलन की शुरुआत हुई. आंदोलन के तहत बीडीओ वीरेंद्र कुमार ने काली पट्टी बांधकर अपने दायित्वों का निर्वहन किया. उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं, लेकिन असुरक्षा और अपमान के माहौल में काम करना कठिन होता जा रहा है.
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा विरोध
बीडीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि यह विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती. उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता के हित में अपने कार्यों से पीछे नहीं हटेंगे, लेकिन सुरक्षा और सम्मान के साथ कार्य करने का अधिकार सभी को मिलना चाहिए.
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
संघ ने प्रखंड कार्यालयों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, सभी बीडीओ को बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट और शील्ड जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है. इसके अलावा प्रत्येक प्रखंड में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित कर्मियों की नियुक्ति, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, बीमा सुरक्षा तथा अधिकारियों के परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गयी है.
पुलिस बल और संचार व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
संघ का कहना है कि संवेदनशील परिस्थितियों में कार्य के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, बेहतर सुरक्षा प्रबंधन और मजबूत संचार व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए. साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की गयी है.
लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा आंदोलन
BDO Protest: संघ ने स्पष्ट किया कि काली पट्टी बांधकर कार्य करना शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक विरोध का प्रतीक है. इसका उद्देश्य सरकार और प्रशासन का ध्यान अधिकारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है. संघ ने कहा कि वह किसी टकराव के पक्ष में नहीं है, लेकिन सम्मान और सुरक्षा से समझौता भी स्वीकार नहीं करेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










