पूर्णिया में 'फर्जी पुलिस' का बड़ा दुस्साहस: चेकिंग के बहाने रोकी गाड़ी, चाचा-भतीजे से 8 लाख के गहने ठगकर बुलेट से भागे

Updated:
विज्ञापन

केहाट थाना में आवेदन देने पहुंचे पीड़ित | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पूर्णिया में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले ठगों ने चाचा-भतीजे से करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण ठग लिए. चेकिंग के बहाने रोकी गई गाड़ी से गहने उतरवाकर आरोपी बुलेट से फरार हो गए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.

विज्ञापन

पूर्णिया. शहर के फोर्ड कंपनी चौक स्थित डॉ. शांतनु के क्लिनिक से नंबर लगाकर गुलाबबाग लौट रहे चाचा-भतीजे के साथ गुरुवार देर शाम कथित फर्जी पुलिसकर्मियों द्वारा ठगी और छिनतई का मामला सामने आया है. डाक बंगला स्थित रेणु उद्यान के पीछे बुलेट सवार दो लोगों ने चारपहिया वाहन रोककर खुद को पुलिसकर्मी बताया और कागजात जांचने के बहाने करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने केहाट थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

गाड़ी रोककर खुद को बताया पुलिसकर्मी

पीड़ितों की पहचान गुलाबबाग निवासी रोशन कुमार और उनके बड़े चाचा शांति लाल बोथा के रूप में हुई है. रोशन कुमार के अनुसार, वह अपने बड़े चाचा के साथ डॉक्टर के क्लिनिक से लौट रहे थे. इसी दौरान रेणु उद्यान के पास फौजी रंग की बुलेट पर सवार दो लोग पहुंचे और उनकी गाड़ी रोक ली.

पीड़ित के मुताबिक, दोनों में से एक ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए गाड़ी के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी की मांग की. इसके बाद उसने कागजात जांचने का नाटक किया.

चेन छिनतई का डर दिखाकर उतरवाए गहने

रोशन ने बताया कि कथित फर्जी पुलिसकर्मी ने कहा कि उसी सुबह वहां चेन छिनतई की घटना हुई है. उसने सुरक्षा का हवाला देते हुए दोनों को अपने सोने के गहने उतारकर सुरक्षित रखने की सलाह दी.

इसके बाद आरोपी ने रोशन को गाड़ी से बाहर बुलाया और रुमाल में गले की चेन रखने को कहा. साथ ही अपने चाचा से भी उसी रुमाल में गहने रखने के लिए कहा. आरोपी की बातों पर भरोसा कर दोनों ने अपने सोने के आभूषण उतार दिए.

चाचा की चेन और दो अंगूठी, भतीजे की चेन ले गए

पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों ने चाचा के गले से सोने की चेन और दो अंगूठियां तथा रोशन के गले से सोने की एक चेन अपने कब्जे में ले ली. गहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बतायी जा रही है.

आरोप है कि गहने लेने के बाद दोनों ने रोशन के हाथ से उन्हें जबरन छीन लिया और धक्का देकर बुलेट से लाइन बाजार की ओर फरार हो गए.

रोशन ने साहस दिखाकर एक आरोपी की शर्ट पकड़ी

घटना के दौरान रोशन ने आरोपियों का विरोध करने का प्रयास किया. उन्होंने बुलेट पर पीछे बैठे कथित फर्जी पुलिसकर्मी को मारकर उसकी शर्ट पकड़ ली. हालांकि बुलेट सवार तेज गति से वाहन भगाते हुए लाइन बाजार की ओर निकल गए. इस दौरान रोशन के हाथ में आरोपी की शर्ट का कुछ हिस्सा फटकर रह गया.

केहाट थाने में दिया आवेदन, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पीड़ितों ने केहाट थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और लिखित आवेदन सौंपा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास और आरोपियों के भागने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.

फुटेज के आधार पर बुलेट सवार दोनों आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पीड़ितों की रेकी की थी या नहीं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन