पूर्णिया में अपराध समीक्षा बैठक, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और साइबर अपराध पर एसएसपी के सख्त निर्देश
पुलिस अधिकारी को सम्मानित करते एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन.
पूर्णिया में एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित अनुसंधान, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए.
पूर्णिया. पुलिस केंद्र स्थित मनोरंजन भवन में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन की अध्यक्षता में अगस्त 2026 की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित आपराधिक मामलों, फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गयी. इस दौरान सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपराध नियंत्रण के साथ लंबित कांडों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
लंबित मामलों के साक्ष्य आधारित अनुसंधान पर जोर
बैठक में लंबित आपराधिक मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और साक्ष्य आधारित अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. गंभीर प्रकृति के मामलों में त्वरित अनुसंधान पूरा कर दोषियों को न्यायालय से कड़ी सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया. एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि अनुसंधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. उपलब्ध साक्ष्यों का वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से उपयोग कर मामलों की जांच को मजबूत बनाने का निर्देश भी दिया गया.
फरार और कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान
अपराध समीक्षा के दौरान फरार अभियुक्तों, कुख्यात अपराधियों और विभिन्न मामलों में वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर सख्त निर्देश दिये गये. ऐसे अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके साथ ही न्यायालय से जारी वारंट और कुर्की-जब्ती के आदेशों का शत-प्रतिशत तामिला कराने का निर्देश संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया.
शराब और नशीले पदार्थों के नेटवर्क पर कार्रवाई
बैठक में शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन की भी समीक्षा की गयी. शराब के अवैध कारोबार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने को कहा गया.
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी में शामिल सिंडिकेट के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों को केवल छोटे स्तर के आरोपितों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखने, बल्कि पूरे नेटवर्क और सिंडिकेट की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने पर जोर दिया गया.
महिला और बाल अपराध के मामलों में संवेदनशीलता जरूरी
महिलाओं और बच्चों से जुड़े संवेदनशील अपराधों को लेकर भी बैठक में विशेष निर्देश दिये गये. ऐसे मामलों में पुलिस को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने को कहा गया.
अधिकारियों को महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों की नियमित निगरानी करने तथा अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया.
साइबर अपराध के खिलाफ तकनीकी कार्रवाई मजबूत करने पर जोर
बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए पुलिस की रणनीति पर भी चर्चा हुई. आम लोगों के बीच साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के साथ साइबर अपराधियों के खिलाफ तकनीकी अनुसंधान को मजबूत करने का निर्देश दिया गया. पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर साइबर अपराधियों तक पहुंचने और उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
संवेदनशील इलाकों में दिन-रात गश्ती बढ़ाने का निर्देश
अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी थानाध्यक्षों को अपने थाना क्षेत्रों के संवेदनशील और अति-संवेदनशील इलाकों में नियमित एवं प्रभावी गश्ती कराने का निर्देश दिया गया. दिवा-रात्रि चेकिंग अभियान को भी और सशक्त बनाने पर जोर दिया गया.
पुलिस की लगातार मौजूदगी के माध्यम से आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रखने की रणनीति पर चर्चा हुई. संभावित अपराध की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा स्थानीय सूचना तंत्र और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने का भी निर्देश दिया गया.
ड्यूटी में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
बैठक के अंत में एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कर्तव्य के प्रति किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा, अपराध मुक्त वातावरण और विधि का शासन बनाए रखना पूर्णिया पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए