पूर्णिया: हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग पर परिवहन विभाग का चला डंडा, वसूला 8 लाख से अधिक का जुर्माना

Updated:
विज्ञापन

वाहनों की जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर परिवहन विभाग का कड़ा रुख. हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग के मामलों में 8 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया. यह अभियान सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा है.

विज्ञापन

पूर्णिया जिले में बेलगाम रफ्तार पर अंकुश लगाने और सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने सघन जांच अभियान छेड़ रखा है. जिलाधिकारी अंशुल कुमार के कड़े निर्देश के बाद हरकत में आए परिवहन महकमे ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़े पैमाने पर दंडात्मक कार्रवाई की है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से 8 लाख रुपये से अधिक की शमन राशि (जुर्माना) वसूल कर सरकारी खजाने में जमा कराई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

कटिहार मोड़ और आर.एन. साह चौक पर संयुक्त टीम की दबिश

जिला परिवहन पदाधिकारी सोनी कुमारी के नेतृत्व में प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ESI) और मोटर यान निरीक्षक (MBI) की संयुक्त टीम ने शहर के व्यस्ततम कटिहार मोड़ और आर.एन. साह चौक पर नाकेबंदी कर वाहनों की बारीकी से जांच की. इस दौरान बिना हेलमेट फर्राटा भर रहे बाइक सवारों, बिना सीट बेल्ट के चारपहिया वाहन चलाने वालों और क्षमता से अधिक सवारी व माल ढोने वाले (ओवरलोडिंग) वाहनों को रोककर ऑन-द-स्पॉट चालान काटे गए. जांच टीम ने चालकों को सख्त लहजे में हिदायत देते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों का पाठ भी पढ़ाया.

ऑटो और टोटो के लिए कलर कोडिंग का कड़ाई से होगा पालन

सड़क सुरक्षा समिति की हालिया बैठक में डीएम अंशुल कुमार ने स्पष्ट कर दिया था कि शहर में सुगम यातायात और जाम से मुक्ति के लिए ऑटो और ई-रिक्शा (टोटो) की कलर कोडिंग का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए. तय रूट और निर्धारित रंग के आधार पर चलने वाले टोटो से न केवल अवैध परिचालन पर लगाम लगेगी, बल्कि आम यात्रियों की सुरक्षा और वाहनों की पहचान भी आसान हो जाएगी. नियमों की अवहेलना करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ भी सख्त जब्ती की कार्रवाई की योजना तैयार की गई है.

हादसों को रोकने के लिए जारी रहेगा अभियान: डीटीओ सोनी कुमारी

जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सोनी कुमारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल राजस्व वसूली के लिए नहीं, बल्कि आम नागरिकों की अनमोल जिंदगी की हिफाजत के लिए है. उन्होंने कहा कि जांच की यह मुहिम आने वाले दिनों में और तेज की जाएगी. डीटीओ ने जिले के तमाम नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय गुणवत्तापूर्ण हेलमेट जरूर पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं और सुरक्षित गति सीमा में ही वाहन चलाकर जिम्मेदार नागरिक का परिचय दें.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन