स्टार्टअप और एआई में करियर बनाने का मौका, डीएम ने छात्रों से कहा- जॉब सीकर नहीं जॉब क्रिएटर बनें
फोटो- कार्यशाला का उद्घाटन करते डीएम | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में 'स्केल अप एंड मार्केट एक्सेस' विषय पर एक कार्यशाला आयोजित हुई, जिसमें 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। डीएम अंशुल कुमार ने युवाओं को जॉब सीकर के बजाय जॉब क्रिएटर बनने और एआई में कौशल बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
Purnia Startup Workshop: पूर्णिया. उद्योग निदेशक, बिहार, पटना के निर्देश एवं जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के मार्गदर्शन में बिहार स्टार्टअप से संबंधित निर्धारित मासिक कार्यक्रम के तहत पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में "स्केल अप एंड मार्केट एक्सेस" विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई. स्टार्टअप सेल, पूर्णिया और जिला उद्योग केंद्र, पूर्णिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया.
आपके शहर में
कैंपस प्लेसमेंट के साथ स्टार्टअप का भी मौका
कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए डीएम अंशुल कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के पास कैंपस प्लेसमेंट के अलावा आंत्रप्रेन्योर बनने और अपना स्टार्टअप शुरू करने के भी बेहतर अवसर हैं. उन्होंने कहा कि 10-15 वर्ष पहले विद्यार्थियों के सामने ऐसे अवसर और संस्थागत सहयोग बहुत सीमित थे. उन्होंने बताया कि आज कॉलेजों में स्टार्टअप सेल, नोडल अधिकारी और समन्वयक की व्यवस्था है. प्राचार्य भी इसकी निगरानी कर रहे हैं. उद्योग विभाग की ओर से भी स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है.
असफलता से घबराए बिना लगातार प्रयास करें
डीएम ने छात्रों से कहा कि कोई भी स्टार्टअप पहली कोशिश में सफल नहीं होता. उद्यमिता की राह में कई तरह की चुनौतियां और असफलताएं आती हैं. उन्होंने बिजली के बल्ब के आविष्कारक थॉमस अल्वा एडिसन का उदाहरण देते हुए छात्रों को लगातार प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी.उन्होंने कहा कि शुरुआती असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर अपने प्रयास को आगे बढ़ाना चाहिए. निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है.
एआई में स्किल और क्षमता बढ़ाने पर जोर
डीएम अंशुल कुमार ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अपनी स्किल और क्षमता बढ़ाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि छात्र किसी भी संकाय से पढ़ाई कर रहे हों, उन्हें एआई के बारे में जानकारी हासिल करनी चाहिए और इसे अपने कौशल का हिस्सा बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्टार्टअप सेल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एआई टूल्स युवाओं को अपने विचारों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहे हैं.
अनुभवी उद्यमियों से सीखने की अपील
डीएम ने कार्यशाला में मौजूद युवा उद्यमियों से उनके स्टार्टअप के बारे में जानकारी लेने और उनके सामने आई चुनौतियों को समझने की अपील की. उन्होंने छात्रों से कहा कि उद्यमियों के अनुभवों से सीख लेकर वे अपने विचारों को व्यावसायिक रूप देने की दिशा में आगे बढ़ें.
डीएम ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्टार्टअप सेल के समन्वयक, स्टूडेंट समन्वयक, प्राचार्य, छात्र-छात्राओं और जिला उद्योग केंद्र के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना की.
अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदलें: प्राचार्य
पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने छात्रों को उद्यमिता अपनाने और अपने नए विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों को कॉलेज की ओर से हरसंभव मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा.

बिहार स्टार्टअप नीति और डीपीआईआईटी मान्यता की दी जानकारी
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मोहम्मद अफ्फान ने बिहार स्टार्टअप नीति, 2022 और डीपीआईआईटी मान्यता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों के नए स्टार्टअप विचारों पर चर्चा कर उनका मार्गदर्शन किया और कार्यशाला के विषय से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की.
बैंकिंग योजनाओं से मिलने वाले सहयोग की जानकारी
जिला अग्रणी प्रबंधक दिनेश कुमार दिनकर ने स्टार्टअप, एमएसएमई और उद्यमियों को व्यवसाय के विस्तार एवं मार्केट एक्सेस के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं और बैंकों से मिलने वाले सहयोग की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया.
पांच युवा उद्यमियों ने प्रस्तुत किए स्टार्टअप मॉडल
कार्यक्रम में पांच युवा उद्यमियों ने अपने स्टार्टअप की पीपीटी प्रस्तुति दी. रिशु राज ने Z. Zrestro फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म, सुनील रेनुआ ने R RENUAA इवेंट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म, प्रवीण आनंद ने Travicabs कैब एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म, श्रीजीत सुंदरम ने Sundram Rolls फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म और कुशाग्र सिंह ने Creator Mind एजुकेशन प्लेटफॉर्म से संबंधित प्रस्तुति दी.
फूड डिलीवरी ऐप की हुई लॉन्चिंग
Purnia Startup Workshop: रिशु राज के Z. Zrestro फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घर तक फूड डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है. कार्यक्रम के दौरान डीएम अंशुल कुमार ने ऑनलाइन बटन दबाकर ऐप की लॉन्चिंग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए