अमौर में अधिकारियों के सामने उमड़े ग्रामीण, सहयोग शिविर में योजनाओं की जानकारी के साथ आवेदनों का निष्पादन
फोटो. सहयोग शिविर में उपस्थित पदाधिकारी एवं अन्य
अमौर प्रखंड की नितेंद्र और खरहिया पंचायत में जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए सहयोग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया।
पूर्णिया, अमौर. सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आम नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को अमौर प्रखंड के नितेंद्र एवं खरहिया पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की. लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन भी अधिकारियों को दिए.
आपके शहर में
जिला योजना पदाधिकारी और डीसीएलआर ने किया उद्घाटन
सहयोग शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला योजना पदाधिकारी राकेश कुमार और डीसीएलआर रोशन राज ने किया. इस दौरान बीडीओ, बीपीआरओ नूतन कुमारी, बीईओ निखिल कुमार, डॉ एहतमामुल हक, नितेंद्र पंचायत के मुखिया अहमद हुसैन एवं इनायतुल्लाह खान मौजूद रहे. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए.
योजनाओं की सही जानकारी लेकर लाभ उठाने की अपील
अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ तभी संभव है, जब लोगों को योजनाओं की सही जानकारी हो और वे समय पर आवेदन करें. ग्रामीणों से प्रत्येक विभाग के स्टॉल पर जाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गयी. अधिकारियों ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ सरकारी सेवाओं को पंचायत स्तर तक पहुंचाना है.
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे. ग्रामीणों ने इन स्टॉलों पर पहुंचकर सरकारी योजनाओं, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ली.
लोगों ने सड़क, बिजली, जमीन और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर भी अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी और समाधान की मांग की.
नितेंद्र पंचायत में सड़क, बिजली और जमीन से जुड़ी समस्याएं
नितेंद्र पंचायत के मुखिया अहमद हुसैन उर्फ बंकु ने कहा कि पंचायत में सड़क, बिजली और जमीन से संबंधित समस्याएं काफी अधिक हैं. उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों से इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया.
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से आम लोगों को काफी राहत मिलेगी.
खरहिया पंचायत में बिजली सबसे बड़ी समस्या
खरहिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि इनायतुल्लाह खान ने कहा कि उनके पंचायत की सबसे बड़ी समस्या बिजली की है. उन्होंने बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की.
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में आमगाछी पंचायत के मुखिया मो सनव्वर आलम, भाजपा उत्तरी मंडल के उमेश कुमार विश्वास, जदयू प्रखंड के कमलेश विश्वास और प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि अफसर नदवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए