पूर्णिया के पेट्रोल पंप डीलरों ने उठाया सुरक्षा का सवाल

Updated at : 05 Jul 2019 6:21 AM (IST)
विज्ञापन
पूर्णिया के पेट्रोल पंप डीलरों ने उठाया सुरक्षा का सवाल

पूर्णिया :ज्वेलरी दुकानदारों के बाद अब पूर्णिया के पेट्रोल पंप डीलरों ने सुरक्षा का सवाल उठाया है. डीलरों ने आये दिन पेट्रोल पंप पर हो रही लूटपाट की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए सुरक्षा के उपायों पर जोर दिया है. गुरूवार को एचपीसीएल डीलर एसोसिएशन की बैनर तले हुई बैठक में पिछले दिनों जिले […]

विज्ञापन

पूर्णिया :ज्वेलरी दुकानदारों के बाद अब पूर्णिया के पेट्रोल पंप डीलरों ने सुरक्षा का सवाल उठाया है. डीलरों ने आये दिन पेट्रोल पंप पर हो रही लूटपाट की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए सुरक्षा के उपायों पर जोर दिया है. गुरूवार को एचपीसीएल डीलर एसोसिएशन की बैनर तले हुई बैठक में पिछले दिनों जिले के जानकीनगर एवं टीकापट्टी पेट्रोल पंप पर हुए लूटपाट की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गयी.

तमाम डीलर इस बात को लेकर नाराज थे कि हाल ही में देर शाम जानकीनगर के राधा भूपेन्द्र पेट्रोल पंप पर हुई लूटपाट की घटना का दृश्य सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ और फुटेज पुलिस को मुहैया भी करायी गयी. बावजूद इसके संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी आजतक नहीं हो सकी.
जबकि फुटेज में अपराधियों की स्पष्ट पहचान हो चुकी है. इतना ही नहीं लूटकांड को अंजाम देने के बाद अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं. इस घटना से पंप व्यवसायियों में काफी आक्रोश और भय व्याप्त है. डीलरों ने जिला प्रशासन से पम्प की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग करते हुए सभी पंप डीलरों को शस्त्र का लाइसेंस मुहैया कराने का भी अनुरोध किया. बैठक में तय किया गया है कि इस मुद्दे को लेकर डीलर एसोसिएशन का एक शिष्टमंडल जल्द ही एसपी से मुलाकात उन्हें एक ज्ञापन सौंपेगा.
बैठक में नव मनोनीत अध्यक्ष बाल कृष्ण राज चौधरी, उपाध्यक्ष वाहिद अंसारी, सचिव राकेश कुमार बोशाक, कोषाध्यक्ष कुमार अक्षय उर्फ गौरव के अलावा राहुल सिंह, अनिल यादव, संतोष चौधरी, राजेश मेहता, एम एम कासो, सुनील यादव, संतोष मंडल, प्रशांत कुमार, विमल कुमार, संजीव शेखर गुप्ता, ललन कुमार, निरंजन कुमार यादव, मो नजीर, प्रशम प्रकाश, पुनित कुमार सिंह, शैलेन्द्र कुमार आदि पंप डीलर उपस्थित थे.
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह पटना में ज्वेलरी की एक दुकान में डाकेजनी की बड़ी घटना से सहमे पूर्णिया के ज्वेलरी दुकानदारों ने भी सुरक्षा का सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से इस ओर कारगर कदम उठाने की मांग की थी.
बाल कृष्ण राज चौधरी अध्यक्ष चुने गये
गुरुवार को स्थानीय एक होटल के सभागार में एचपीसीएल पेट्रोल पंप डीलर की हुई एक बैठक में एचपीसीएल डीलर एसोसिएशन पूर्णिया सेल्स एरिया का गठन किया गया. इसमें सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए बाल कृष्ण राज चौधरी चुने गये. एसोसिएशन के उपाध्यक्ष वाहिद अंसारी, सचिव राकेश कुमार बोशाक एवं कोषाध्यक्ष कुमार अक्षय उर्फ गौरव तथा मीडिया एवं आईटी सेल्स का प्रभारी राहुल सिंह को मनोनित किया गया.
एसपी के आदेश की भी हो रही अनदेखी
प्रत्येक माह को होनेवाली अपराध गोष्ठी में एसपी की ओर से सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में खासकर बैंक और पेट्रोल पंपों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जाता रहा है लेकिन थानाध्यक्षों द्वारा इन आदेशों को कभी भी गंभीरता से नहीं लिया गया. हालांकि थाना की गश्ती पुलिस जरूर निकलती है लेकिन उसका कोई निर्धारित रूट नहीं होता.
अबतक की घटनाएं
पेट्रोल पंप कर्मी से 1.41 लाख व बाइक छीनी . 24 जून 2019 को टीकापट्टी थाना क्षेत्र के गरीब घाट मोड़ से आगे एस एच 65 पर एक पंपकर्मी से हथियार का भय दिखा कर 1.41 लाख रुपये व बाइक छीन लिया. अपाची बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पंपकर्मी की बाइक को पीछे से धक्का मारते हुए आगे आकर रोक दिया और हथियार का भय दिखा कर रुपये व बाइक छीन लिया.
पेट्रोल पंप में घुस बदमाशों ने 3.50 लाख लूटे . 24 जून 2019 की देर रात पूर्णिया-सहरसा एन एच 107 पर जानकीनगर थाने से महज एक किलोमीटर दूरी पर स्थित एक पेट्रोल पंप में घुस कर आधा दर्जन बदमाशों ने हथियार के बल पर 3.50 लाख रुपये लूट लिये. अपराधियों ने पहले पंप पर तेल भरवाया फिर पैसे देने की बात पर नोजल कर्मी के कनपट्टी में हथियार सटा कर रुपये लूट लिये.
पेट्रोल पंप से बदमाशों ने 2.37 लाख रुपये लूटे. 19 दिसंबर 2018- जलालगढ़ थाना के बोचगांव स्थित एक पेट्रोल पंप से बाइक सवार 06 बदमाशों ने 2.37 लाख रुपये हथियार के बल पर लूट लिया. घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई आरंभ हुई लेकिन अब तक एक भी अपराधी को पकड़ने में पुलिस को सफलता नहीं मिली.
पंप कर्मी से बदमाशों ने 14.77 लाख रुपये लूटे. 27 दिसंबर 2018- कसबा स्थित पेट्रोल पंप के पंप कर्मी से बाइक सवार दो बदमाशों ने 14.77 लाख रुपये उस समय लूट लिया जब कर्मी बैंक पैसे जमा करने जा रहा था. इस मामले में पुलिस की कार्रवाई में कोढ़ा गिरोह के दो अपराधी गुड्डू एवं सोनू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने अपराधियों से लूटे गये 4.50 लाख रुपये भी बरामद किया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन