किंजर पुनपुन नदी में पैर फिसलने से गिरी वृद्ध महिला, तीन किमी दूर बची जान
नदी से निकलने के बाद महिला
अरवल-किंजर पथ पर पुनपुन नदी में पैर फिसलने से गिरी एक वृद्ध महिला को स्थानीय युवकों ने बचा लिया. नदी की तेज धार में तीन किलोमीटर बहने के बाद महिला की साड़ी में हवा भर जाने से उसकी जान बच पाई.
Patna Woman fell in river: अरवल-किंजर पथ पर किंजर पुनपुन नदी पुल के नीचे मंगलवार को शौच के लिए गयी एक वृद्ध महिला पैर फिसलने से नदी में गिर गयी. नदी की तेज धार में बहते हुए वह करीब तीन किलोमीटर दूर सिगोड़ी थाना क्षेत्र के बऊआं गांव के समीप पहुंच गयी. महिला के लगातार शोर मचाने पर ग्रामीणों का ध्यान उसकी ओर गया. इसके बाद बऊआं गांव के निशांत कुमार, गुड्डू कुमार, बबलू कुमार समेत पांच युवकों ने नदी में छलांग लगाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
साड़ी में पानी और हवा भरने से बची जान
बताया जाता है कि नदी में गिरने के बाद महिला की साड़ी में पानी और हवा भर जाने से वह फूल गयी थी. इससे वह तत्काल नदी में डूबने से बच गयी और नदी के तेज बहाव के साथ बहती चली गयी. महिला की पहचान कुर्था थाना क्षेत्र के सच्चाई मठिया गांव निवासी शिवशंकर पासवान की पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है.
परिजनों को दी गयी सूचना
महिला को सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद ग्रामीणों ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर मीना देवी का पुत्र और अन्य परिजन बऊआं गांव पहुंचे और उन्हें अपने साथ घर ले गये.
युवकों के साहस की ग्रामीणों ने की सराहना
महिला की जान बचाने वाले युवकों के साहस और तत्परता की ग्रामीणों ने सराहना की. पांचों युवकों ने समय रहते नदी में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए