पटना: दहेज के लिए महिला की फांसी लगाकर हत्या का आरोप, गंगा घाट से शव बरामद, पति धराया
अस्पताल में जांच करती पुलिस
पटना के मनेर में दहेज की निर्मम बलि चढ़ी एक महिला. ससुराल वालों पर हत्या कर शव ठिकाने लगाने का आरोप है. पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है.
Patna Crime News : पटना के मनेर थाना क्षेत्र के शांति नगर गांव में दहेज को लेकर एक महिला की फांसी लगाकर हत्या करने का मामला सामने आया है. मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. आरोप है कि हत्या के बाद ससुराल वाले शव को ठिकाने लगाने के लिए हाथी टोला स्थित गंगा घाट ले जा रहे थे. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद कर लिया और मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया. घटना के बाद मृतका के मायके में कोहराम मच गया.
आपके शहर में
दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप
बताया जाता है कि पटना सिटी के शरीफा गंज निवासी प्रमोद दास ने अपनी बेटी नेहा कुमारी की शादी मनेर के शांति नगर गांव निवासी अरुण दास के पुत्र अनीश कुमार से रीति-रिवाज के साथ की थी. शादी के बाद दोनों को बच्चे भी हुए. आरोप है कि इसके बावजूद दहेज को लेकर नेहा को उसके ससुराल वाले लगातार प्रताड़ित करते थे.
परिजनों के अनुसार, बुधवार को भी नेहा के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गयी. इसके बाद पति और ससुराल वालों ने उसके गले में फांसी लगाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को ठिकाने लगाने के लिए गंगा घाट ले जाया जा रहा था.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी कर मृतका के पति अनीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने महिला का शव बरामद कर थाने लाया. इस दौरान आरोपी पति के साथ मौजूद अन्य लोग मौके से फरार हो गये.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है. घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंचे. मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों ने दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी है. शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए