ePaper

Patna News : पूरब और पश्चिम दोनों दिशाओं में 700 मीटर होगा पटना एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार

Updated at : 17 Jun 2025 2:01 AM (IST)
विज्ञापन
Patna News : पूरब और पश्चिम दोनों दिशाओं में 700 मीटर होगा पटना एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार

आयुक्त ने पटना एयरपोर्ट के 10 किमी क्षेत्र में एसओपी के अनुसार दुकानों का संचालन कराने व कचरे का समुचित निस्तारण करने व साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना: पटना प्रमंडल आयुक्त डॉ चंद्रशेखर सिंह ने विमानपत्तन पर्यावरण प्रबंधन समिति (एइएमसी) की बैठक में पटना एयरपोर्ट पर नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता व सुरक्षात्मक मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि सुरक्षित एयर ट्रैफिक सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है. आयुक्त ने पटना एयरपोर्ट के 10 किलोमीटर क्षेत्र में एसओपी के अनुसार दुकानों का संचालन कराने व कचरा का समुचित निस्तारण करने व साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि बर्ड हिट की घटना पर नियंत्रण पाया जा सके. उन्होंने नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी को गर्दनीबाग डंपिंग यार्ड में कूड़ा को जमा करने को बंद कराने को कहा. 15 अगस्त से पहले यारपुर गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन को चालू करने की बात कही. खुले में मांस-मछली की दुकानों पर लगातार नजर रखने व प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक व कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा गया. विमानों व यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह आवश्यक है कि पटना एयरपोर्ट के आस-पास के क्षेत्रों में पक्षियों के आकर्षण के स्रोत को कम किया जाये. पटना एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए एयरपोर्ट की पश्चिम दिशा में 200 मीटर व पूर्व दिशा में 500 मीटर विस्तार के लिए जमीन की जरूरत होगी. पश्चिम तरफ खाली जमीन है. पूर्व दिशा में पटना जू के लगभग 15 एकड़ जमीन की आवश्यकता पड़ेगी. इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव तैयार कर मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग को प्रस्ताव भेजा जायेगा.

सचिवालय के घड़ी टावर की ऊंचाई कम करने की जरूरत

बैठक में पटना एयरपोर्ट के निदेशक ने सचिवालय के घड़ी टावर की ऊंचाई को कम करने की आवश्यकता बतायी, ताकि हवाई जहाजों की लैंडिंग में कोई समस्या नहीं हो. उन्होंने घड़ी टावर की ऊंचाई को 17.5 मीटर घटाने की आवश्यकता बतायी. वर्तमान में इस टावर की ऊंचाई 49.5 मीटर है. इससे 134 मीटर रनवे का उपयोग नहीं हो पा रहा है. विमान को तीन डिग्री पर लैंड कराने के बजाय सवा तीन से साढ़े तीन डिग्री पर लैंड करना पड़ रहा है. आयुक्त ने कहा कि सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से मानकों के अनुसार विमानों की लैंडिंग के लिए डीएम को घड़ी टावर की ऊंचाई को घटाने के लिए समिति से प्रस्ताव प्राप्त कर मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग को प्रस्ताव भेजने के लिए कहा गया. आयुक्त ने सक्षम प्राधिकार से अनुमोदन प्राप्त कर ऑप्टिकल लैंडिग सिस्टम सर्वे के अनुसार पेड़ों की छंटाई के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया. एयरपोर्ट के आस-पास के क्षेत्र में साफ-सफाई, ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त रखने के लिए कहा गया, ताकि बारिश के समय जलजमाव की समस्या नहीं हो. पटना एयरपोर्ट परिसर से आवारा कुत्तों को हटाने के लिए नियमानुसार लगातार अभियान चलाने की बात कही. बैठक में आयुक्त को जानकारी दी गयी कि जिला प्रशासन द्वारा नगर परिषद फुलवारीशरीफ क्षेत्र में अनेक दुकानों को हटाया गया है. खुले में मांस व मछली की दुकानों को नियंत्रित करने के लिए नोटिस चिपकाया गया है व कूड़ा निस्तारण किया जा रहा है. बैठक में डीएम डॉ त्यागराजन एसएम, ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान, अपर नगर आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी,पटना एयरपोर्ट निदेशक, कमांडिंग ऑफिसर भारतीय वायुसेना बिहटा, जू के निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANJAY KUMAR SING

लेखक के बारे में

By SANJAY KUMAR SING

SANJAY KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन