पुनपुन में बाढ़: 15 फीट जमींदारी बांध टूटा; तीन जगह ओवरफ्लो, बाजार तक पहुंचा पानी
पुनपुन नदी का पर जमींदारी बांध टूटा
पुनपुन नदी का उग्र रूप जारी है. 15 फीट जमींदारी बांध टूटने से सैकड़ों एकड़ फसलें बर्बाद हो गई हैं और बाढ़ का पानी गांवों और बाजार तक पहुंच गया है. प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है.
Punpun Flood: पुनपुन नदी का रौद्र रूप सोमवार को भी कायम रहा. नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब तीन मीटर ऊपर पहुंचने के कारण तटबंधों और निचले इलाकों पर पानी का दबाव बना हुआ है. पुनपुन प्रखंड की पैमार पंचायत के बड़हियाकोल के समीप करीब 15 फीट जमींदारी बांध टूटने से बाढ़ का पानी तेजी से गांवों और खेतों में फैल गया. वहीं पुनपुन घाट के समीप तीन स्थानों से पानी ओवरफ्लो होने लगा है. इससे पुनपुन बाजार के निचले हिस्सों में भी पानी पहुंच गया है. मस्जिद के पास तक पानी फैल गया है, जबकि पकड़ी गली में भी बाढ़ का पानी आने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है.
खतरे के निशान से 2.95 मीटर ऊपर नदी का जलस्तर
पुनपुन श्रीपालपुर के समीप सोमवार शाम चार बजे नदी का जलस्तर 53.55 मीटर दर्ज किया गया. यह खतरे के निशान 50.60 मीटर से 2.95 मीटर अधिक है. रविवार शाम नदी का जलस्तर 53.46 मीटर था. इस तरह 24 घंटे में जलस्तर में नौ सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है.
हालांकि, सोमवार दोपहर से जलस्तर स्थिर बताया जा रहा है. जलस्तर स्थिर रहने से प्रशासन को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन तटबंधों पर पानी का दबाव अब भी बना हुआ है.
बड़हियाकोल में 15 फीट बांध टूटा, खेतों में फैला पानी
पैमार पंचायत के बड़हियाकोल के समीप देर रात करीब 15 फीट जमींदारी बांध टूट गया. इसके बाद आसपास के गांवों में बाढ़ का पानी तेजी से प्रवेश कर गया. बड़ी संख्या में धान की फसल जलमग्न हो गयी है. ग्रामीणों के अनुसार सैकड़ों एकड़ में लगी फसल प्रभावित हुई है.
टूटे बांध को दुरुस्त करने के लिए बोरे आदि डालकर पानी के बहाव को रोकने का प्रयास किया जा रहा है.

तीन जगह ओवरफ्लो, पुनपुन बाजार तक पहुंचा पानी
पुनपुन घाट के समीप तीन स्थानों पर नदी का पानी ओवरफ्लो कर रहा है. इनमें मुख्य बाजार के सामने की गली, लक्ष्मण झूला के पास और पकड़ी के समीप का इलाका शामिल है. पानी पुनपुन बाजार में मस्जिद के पास तक पहुंच गया है. पकड़ी गली में भी पानी फैलने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है.
पुनपुन बाजार और शिवनगर मोहल्ले के करीब 700 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है. इससे लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
चिहुट में एनसी और बांस से रोका गया ओवरफ्लो
बाढ़ नियंत्रण, पटना के सहायक अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि चिहुट के पास नदी का पानी ओवरफ्लो कर रहा था. वहां एनसी और बांस लगाकर फिलहाल पानी के बहाव को रोक दिया गया है. अन्य कुछ स्थानों पर भी पानी ओवरटॉप कर रहा है, जिसे रोकने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.
चार जगह कम्युनिटी किचन, मेडिकल कैंप भी शुरू
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बरावां पंचायत के संपहुआ, उड़ानटोला, श्रीपालपुर और रामानंद रामगोपाल सिंह हाईस्कूल में कम्युनिटी किचन शुरू किया गया है. यहां प्रभावित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गयी है.
बीडीओ उदय कुमार ने बताया कि इन सभी स्थानों पर मेडिकल कैंप भी लगाया गया है. सोमवार को प्रखंड में चार नाव उपलब्ध करायी गयी हैं. इनका इस्तेमाल आवागमन बाधित क्षेत्रों में लोगों की मदद के लिए किया जा रहा है.

आधे से अधिक पंचायतें बाढ़ की चपेट में
पुनपुन प्रखंड की 13 पंचायतों और एक नगर पंचायत के आधे से अधिक क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित हैं. बरावां, लखना पूर्वी, लखना उत्तरी-पश्चिमी, लखनपार और पैमार पंचायतों में बाढ़ का पानी फैल गया है. वहीं अकौना, डुमरी पंचायत और नगर पंचायत के कुछ हिस्से भी प्रभावित हैं.
बाढ़ का पानी खेतों में फैलने से करीब चार हजार बीघे में लगी धान की फसल डूब गयी है. इससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है. जलस्तर में लगातार वृद्धि से ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ गयी है.
चलती बाइक पर किसिंग और खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल, पटना में युवक-युवती के खिलाफ केस दर्ज
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए