पटना: परसा बाजार थाना क्षेत्र में तीन नए ओपी का उद्घाटन, डीएसपी ने किया शुभारंभ
नए ओपी का उद्घाटन करते डीएसपी
परसा बाजार थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए तीन नए पुलिस आउटपोस्ट (ओपी) शुरू किए गए हैं. डीएसपी रंजन कुमार ने इनका उद्घाटन करते हुए बताया कि इनका मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाना और लोगों को त्वरित सहायता पहुंचाना है.
Patna News : फुलवारी शरीफ के परसा बाजार थाना क्षेत्र के विस्तृत भौगोलिक दायरे और बढ़ती आबादी को देखते हुए तीन नए पुलिस ओपी शुरू किये गये हैं. पटना सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी के साथ कुरथौल-दरियापुर, शिवनगर लक्ष्मण झूला और सकरैचा में नये ओपी का उद्घाटन किया.
आपके शहर में
बड़े क्षेत्रफल और बढ़ती आबादी को देखते हुए फैसला
डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि परसा बाजार थाना क्षेत्र भौगोलिक रूप से काफी बड़ा है और यहां आबादी भी लगातार बढ़ रही है. कानून-व्यवस्था को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने और लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन नए ओपी शुरू किये गये हैं.
तीनों ओपी में अधिकारियों की तैनाती
कुरथौल-दरियापुर ओपी का प्रभारी कृष्ण कुमार सिंह को बनाया गया है. शिवनगर लक्ष्मण झूला ओपी की कमान रितु कुमारी को सौंपी गयी है. वहीं सकरैचा पंचायत भवन में शुरू किये गये सकरैचा ओपी का प्रभारी एसआई मिथिलेश कुमार को बनाया गया है.
शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचेगी पुलिस
शिवनगर लक्ष्मण झूला ओपी पटना-गया मुख्य मार्ग पर पूर्व मुखिया एवं सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार सिंह के मार्केट में शुरू किया गया है. डीएसपी ने बताया कि ओपी में शिकायत लेकर पहुंचने वाले पीड़ितों की समस्याओं पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी. पुलिसकर्मी शिकायतकर्ता द्वारा बताये गये घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे और समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई शुरू करेंगे.
उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर परसा बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इससे लोगों को छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचना देने और पुलिस तक पहुंचने में आसानी होगी.
पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
उद्घाटन के मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर एम.ए. हैदरी, सकरैचा पंचायत के मुखिया एवं प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मंटू यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए