पटना सिटी में सम्राट चौधरी ने किया 100 बेड वाले नए सदर अस्पताल भवन का लोकार्पण, रिवर फ्रंट का भी उद्घाटन
नए सदर अस्पताल भवन का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना सिटी में 38 करोड़ की लागत से बने 100 बेड वाले नए मॉडल अस्पताल भवन का लोकार्पण किया. साथ ही 46.26 करोड़ की लागत से विकसित रिवर फ्रंट परियोजना का भी उद्घाटन किया. यह स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
पटना सिटी से अमिताभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
पटना सिटी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल के लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से बने 100 बेड वाले नए मॉडल अस्पताल भवन का लोकार्पण किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार सजग होकर कार्य कर रही है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत बने इस भवन से मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
स्वास्थ्य मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने की. कार्यक्रम में विधायक रतनेश कुमार, महापौर सीता साहू, किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडे, बीएमएसआईसीएल के एमडी सुब्रतो सेन, संयुक्त सचिव राजेश कुमार, अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुधा शंकर राय, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, एसडीओ सत्यम सहाय, एएसपी राजकिशोर सिंह, डीएसपी शिव शंकर कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
आईसीयू, वेंटिलेटर, पैथोलॉजी और डायलिसिस सेवाओं की भी हुई शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान जिला औषधि भंडार गृह, जिला अस्पतालों में 105 नए आईसीयू बेड, 70 वेंटिलेटर युक्त गहन चिकित्सा इकाइयों, आपातकालीन सेवाओं तथा पीपीपी मॉडल के तहत 11 हब लैब और 221 स्पोक लैब का शुभारंभ किया. इसके साथ ही राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सेवा की भी शुरुआत की गई.
नए भवन में 24 घंटे इमरजेंसी और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने अस्पताल के नए भवन का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया. अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुधा शंकर राय ने बताया कि नए भवन में 24×7 इमरजेंसी सेवा, आईसीयू, ऑर्थोपेडिक, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग विभाग और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर संचालित होंगे. इसके अलावा पीपीपी मॉडल पर 14 बेड वाला डायलिसिस सेंटर भी शुरू किया गया है, जहां आयुष्मान भारत और राशन कार्डधारकों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा मिलेगी.
46.26 करोड़ की लागत से बने रिवर फ्रंट का भी उद्घाटन
सदर अस्पताल पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भद्र घाट, महावीर घाट और नौजर घाट के बीच 46.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित रिवर फ्रंट और सौंदर्यीकरण परियोजना का उद्घाटन किया. इस परियोजना के तहत स्नान घाटों का विकास, कपड़े बदलने के कक्ष और गंगा किनारे पैदल चलने के लिए आकर्षक पाथवे का निर्माण किया गया है. उद्घाटन के दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, बुडको के एमडी अनिमेष पराशर और नगर निगम आयुक्त यशपाल मीणा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है. नए अस्पताल भवन, आईसीयू, डायलिसिस सेंटर और रिवर फ्रंट जैसी परियोजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जिनसे पटना सिटी सहित आसपास के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए