पटना में 25 हजार का इनामी मुशीर अहमद गिरफ्तार, रियल एस्टेट के नाम पर की थी लाखों की ठगी

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Musheer Ahmed Arrested in Patna : पटना में जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी मुशीर अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके पार्टनर सुदामा सिंह को पहले ही जेल भेजा जा चुका है. यह गिरोह लोगों को जमीन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगता था.

विज्ञापन

Musheer Ahmed Arrested in Patna : पटना में जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुशीर अहमद को कोतवाली थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसे पाटलिपुत्र के रोड नंबर तीन में छापेमारी कर पकड़ा. मुशीर मूल रूप से सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बडहैया का रहने वाला है. पटना में उसका ठिकाना पीरबहोर थाना क्षेत्र के भिखना पहाड़ी स्थित चमन अपार्टमेंट में था, लेकिन पुलिस की तलाश शुरू होने के बाद उसने वहां से ठिकाना बदल लिया था और पाटलिपुत्र इलाके में पहचान छिपाकर रह रहा था.

विज्ञापन

पार्टनर सुदामा सिंह पहले ही हो चुका है गिरफ्तार

मुशीर अहमद के साथ जमीन कारोबार में पार्टनर रहे सुदामा सिंह को पुलिस दो दिन पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. सुदामा को बिहटा के लई चौक से पकड़ा गया था. वह सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धैनुकी गांव का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने और धोखाधड़ी करने के मामले दर्ज हैं.

फ्रेजर रोड में बनाई थी रियल एस्टेट कंपनी

पुलिस की जांच में सामने आया है कि मुशीर अहमद और सुदामा सिंह ने फ्रेजर रोड में "कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड" नाम से रियल एस्टेट कंपनी बनाई थी. आरोप है कि इसी कंपनी के जरिए दोनों ने कई लोगों को जमीन दिलाने का झांसा दिया और उनसे लाखों रुपये लिए. जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर पैसे लेने के बाद धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पर कोतवाली थाने में दोनों के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था.

मुशीर के खिलाफ कई थानों में दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार मुशीर अहमद के खिलाफ अकेले कोतवाली थाने में 10 मामले दर्ज हैं. इसके अलावा नौबतपुर थाने में एक और कदमकुआं थाने में भी एक मामला दर्ज है. ये मामले वर्ष 2021 से 2024 के बीच दर्ज किए गए थे. मामलों में जमीन दिलाने के नाम पर रुपये लेने और धोखाधड़ी के आरोप शामिल हैं.

आठ कट्ठा जमीन के लिए महिला से लिए 83 लाख

जांच के दौरान नौबतपुर के चिरौररा गांव से जुड़ा एक मामला भी सामने आया है. आरोप है कि कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स के माध्यम से 11 लाख रुपये प्रति कट्ठा की दर से आठ कट्ठा जमीन देने का वादा किया गया था. इसके लिए दानापुर निवासी मीता देवी से करीब 83 लाख रुपये लिए गए. इसके अलावा भी कई अन्य लोगों से जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लिए जाने की बात पुलिस की जांच में सामने आई है. इन मामलों को लेकर कोतवाली समेत अन्य थानों में केस दर्ज हैं.

पुलिस की कार्रवाई से दोनों आरोपी गिरफ्त में

मुशीर अहमद के फरार रहने के कारण पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. इसी दौरान उसके पाटलिपुत्र इलाके में पहचान छिपाकर रहने की जानकारी पुलिस को मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने रोड नंबर तीन में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले उसके पार्टनर सुदामा सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी थी. अब पुलिस मुशीर से पूछताछ कर जमीन के नाम पर हुई कथित धोखाधड़ी से जुड़े मामलों की जांच आगे बढ़ा रही है.

बिहार में अपराधियों की खैर नहीं: गृह विभाग ने बढ़ा दी DM की ताकत, पेपर लीक से इन 7 अपराधों पर भी लागू होगा CCA

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन