Patna Junction Parsa Bazar ROB: पटना जंक्शन-परसा बाजार के बीच दिसंबर में खुलेगा ROB, इन इलाकों के लोगों को जाम से मिलेगी राहत
पटना में ROB का काम अंतिम दौर में
Patna Junction Parsa Bazar ROB: पटना जंक्शन और परसा बाजार के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. रेलवे लेवल क्रॉसिंग (एलसी) नंबर 4 पीजी एसपीएल की जगह बन रहे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण इस साल दिसंबर 2026 तक पूरा हो जाएगा. इसके बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा.
Patna Junction Parsa Bazar: पटना के परसा बाजार और पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन के बीच बन रहे नए आरओबी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा इस ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है.
विभाग की योजना के अनुसार यह आरओबी दिसंबर 2026 तक पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा. इसके बाद इस रूट से गुजरने वाले आम लोगों को यातायात के लिए यह समर्पित कर दिया जाएगा.
बुनियादी ढांचा तैयार, 80 फीसदी काम हुआ पूरा
सचिव ने बताया कि इस आरओबी का बुनियादी ढांचा पूरी मजबूती के साथ तैयार कर लिया गया है. परियोजना के फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का काम 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है.
फिलहाल सुपर-स्ट्रक्चर का काम भी काफी तेजी से निपटाया जा रहा है, जो वर्तमान में 80 फीसदी तक पूरा हो चुका है. बचे हुए काम को जल्द निपटाने की तैयारी चल रही है.
रेलवे से पॉवर ब्लॉक की अनुमति का इंतजार
निर्माण कार्य को अंतिम रूप देने के लिए पॉवर ब्लॉक की आवश्यकता है. इसके लिए 12 अगस्त, 2026 को वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, दानापुर को अनुरोध पत्र भेजा गया है.
जैसे ही रेलवे की तरफ से ब्लॉक की अंतिम अनुमति मिल जाएगी, सुपर-स्ट्रक्चर और सड़क निर्माण का बाकी काम युद्ध स्तर पर पूरा कर लिया जाएगा.
लाखों की आबादी को ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति
इस आरओबी के शुरू होने से मीठापुर, परसा बाजार, महुली, पुनपुन और गया-पटना मार्ग की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
लेवल क्रॉसिंग नंबर चार पर ट्रेनों की आवाजाही के कारण लगने वाले घंटों लंबे जाम से लोगों को हमेशा के लिए छुटकारा मिल जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पटना-पुनपुन कॉरिडोर पर बढ़ेगी वाहनों की रफ्तार
यह ओवरब्रिज दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, स्कूली बच्चों और व्यापारिक वाहनों के समय और ईंधन की बचत करेगा. साथ ही आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस सेवाओं के लिए एक निर्बाध लाइफलाइन बनेगा.
इस आरओबी के खुलने से पटना-पुनपुन कॉरिडोर पर गाड़ियों की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे पूरे इलाके की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को एक नई गति मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार में जहां बनना था एयरपोर्ट और सैटेलाइट टाउनशिप, बाढ़ ने खोल दी जमीन की पोल, अब क्या होगा?
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए