NEET पेपर लीक : पटना में गाड़ियों पर चढ़कर प्रदर्शन करते रहे छात्र, नीचे पुलिस समझाने की कोशिश करती रही

Updated:
विज्ञापन

जेपी गोलंबर पर NEET छात्रों का प्रदर्शन

NEET पेपर लीक : पटना में छात्रों ने नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर राजभवन मार्च निकाला. पुलिस ने बैरिकेडिंग तोड़ रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. इस दौरान कई छात्र और मीडियाकर्मी घायल हुए.

विज्ञापन

पटना से नितीश सिंह की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

NEET पेपर लीक : नीट पेपर लीक मामले, जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को छात्र संगठनों ने राजभवन मार्च निकाला. जैसे ही प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और हल्का लाठीचार्ज किया. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी दागे गए.

बैरिकेडिंग तोड़ने पर बढ़ा तनाव

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राजभवन की ओर बढ़ रहे थे. इस दौरान छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया.

बैरिकेड़िंग तोड़ कर डाकबंगला चौराहा तक पहुंचे छात्र
बैरिकेड़िंग तोड़ कर डाकबंगला चौराहा तक पहुंचे छात्र

कई छात्र और मीडियाकर्मी हुए घायल

लाठीचार्ज और भगदड़ के दौरान कई छात्रों के साथ कुछ मीडियाकर्मी भी घायल हो गए. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और निजीकरण के खिलाफ उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.

डाकबंगला चौराहा तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

पुलिस कार्रवाई के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर डाकबंगला चौराहा तक पहुंच गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, सिटी एसपी मध्य ममता कल्याणी और पटना सदर एसडीएम काम्या मिश्रा भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और आगे बढ़ने से रोका.

डाकबंगला चौराहा
डाकबंगला चौराहा

प्रदर्शन से गांधी मैदान इलाके में लगा जाम

छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के कारण गांधी मैदान, जेपी गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, फ्रेजर रोड, आयकर गोलंबर, एग्जीबिशन रोड, बाकरगंज और न्यू डाकबंगला रोड समेत कई प्रमुख इलाकों में घंटों तक भीषण जाम लगा रहा. इससे आम लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

SSP कार्तिकेय शर्मा और SDM काम्या मिश्रा
SSP कार्तिकेय शर्मा और SDM काम्या मिश्रा

प्रदर्शनकारियों का आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी पर हमला

जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद बड़ी संख्या में छात्र डाकबंगला चौराहा पहुंच गए, जहां प्रदर्शन और हंगामा लगातार बढ़ता गया. हालात को नियंत्रित करने के लिए पहले एसएसपी कार्तिकेय शर्मा और पटना सदर एसडीएम काम्या मिश्रा मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शन नहीं थमा. इसके बाद आईजी जितेंद्र राणा और डीएम कुंदन कुमार भी घटनास्थल पहुंचे. इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी पर हमला कर दिया. हालांकि पुलिस ने तुरंत स्थिति पर नियंत्रण पा लिया. छात्रों ने डाकबंगला चौराहा पर लगी बैरिकेडिंग भी तोड़ दी और पूरे चौराहे की घेराबंदी कर नारेबाजी व प्रदर्शन जारी रखा, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन