पटना सिटी में 1.61 करोड़ से बनेगा आधुनिक खेल मैदान, मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

Updated:
विज्ञापन

पटना सिटी में तैयार हो रहा खेल का मैदान | Prabhat Khabar Network

पटना सिटी में 1.61 करोड़ की लागत से आधुनिक खेल मैदान तैयार हो रहा है। यहां हाइ मास्ट लाइटें और अन्य सुविधाएं मिलेंगी, जिससे रात में भी मैच हो सकेंगे।

विज्ञापन

Patna News : पटना नगर निगम की ओर से शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. पटना सिटी इलाके के वार्ड संख्या 62 में रघुनाथ स्कूल के सामने करीब 1.4 एकड़ भूमि पर आधुनिक खेल मैदान विकसित किया जा रहा है. इस परियोजना पर करीब 1.61 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं. निगम प्रशासन ने मार्च 2027 तक मैदान का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

मिट्टी भराई पूरी, अब मैदान को किया जा रहा समतल

खेल मैदान के निर्माण के तहत मिट्टी भराई का काम पूरा हो चुका है. अब पूरे परिसर को समतल करने का काम चल रहा है. इसके साथ ही मैदान में हरी घास लगाने का कार्य भी किया जा रहा है. मैदान तैयार होने के बाद पटना सिटी क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को स्थानीय स्तर पर खेल अभ्यास के लिए बेहतर जगह उपलब्ध होगी.

शाम और रात में भी हो सकेगा खेलों का आयोजन

मैदान को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है. शाम और रात में खेल गतिविधियों के संचालन के लिए परिसर में हाई मास्ट लाइटें लगायी जाएंगी. इससे खिलाड़ियों को अंधेरे के कारण अभ्यास या मैच रोकने की जरूरत नहीं पड़ेगी. मैदान की सुरक्षा के लिए चारों तरफ मजबूत बाउंड्री वॉल भी बनायी जाएगी.

दर्शकों के बैठने के लिए बनेगी सीढ़ीनुमा गैलरी

खेल मैदान में खिलाड़ियों के साथ दर्शकों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है. दर्शकों और खिलाड़ियों के बैठने के लिए सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा. इससे प्रतियोगिताओं और स्थानीय खेल आयोजनों के दौरान लोगों के बैठने की व्यवस्था बेहतर होगी.

पेयजल, शौचालय और गार्ड रूम की भी होगी सुविधा

परिसर में खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों के लिए बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी. स्वच्छ पेयजल के लिए सबमर्सिबल पंप लगाया जाएगा. इसके अलावा आधुनिक शौचालय और सुरक्षा के लिए गार्ड रूम का निर्माण किया जाएगा. सुबह-शाम टहलने और सामुदायिक गतिविधियों के लिए भी यह मैदान स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा.

राजेंद्र नगर में 8.44 करोड़ से बना हॉकी एस्ट्रोटर्फ

इधर, राजेंद्र नगर स्थित फिजिकल कॉलेज के पीछे 8.44 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड तैयार किया गया है. बुडको की ओर से निर्मित इस मैदान में नीदरलैंड से मंगायी गयी पॉलीटेन ब्लू एस्ट्रोटर्फ बिछायी गयी है. बताया गया है कि इसी टर्फ का इस्तेमाल पेरिस ओलंपिक 2024 में भी हुआ था.

बिहार का दूसरा इंटरनेशनल स्टैंडर्ड हॉकी ग्राउंड

राजगीर के बाद यह बिहार का दूसरा इंटरनेशनल स्टैंडर्ड हॉकी ग्राउंड होगा. मैदान में करीब 1000 दर्शकों के बैठने के लिए पक्की गैलरी तैयार की गयी है. खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध करायी जाएगी. आधुनिक एस्ट्रोटर्फ से खेल की गति बेहतर होने के साथ खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.

पटना सिटी में तैयार हो रहा खेल का मैदान  | Prabhat Khabar Network
पटना सिटी में तैयार हो रहा खेल का मैदान | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन