बिहार में सर्टिफिकेट सिस्टम ठप! आय-जाति-आवासीय के आधे से ज्यादा आवेदन लंबित, लोगों के चक्कर पर चक्कर

Updated at : 25 Mar 2026 9:44 PM (IST)
विज्ञापन
CO strike impact

सीओ की हड़ताल की एआई तस्‍वीर

CO strike impact Income caste certificate delay : पटना में CO और राजस्व कर्मियों की हड़ताल से आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र के हजारों आवेदन लंबित हैं. लोगों को बार-बार अंचल कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. जानिए लोगों को क्‍या हो रही है परेशानी, पढ़ें पूरी खबर.

विज्ञापन

CO strike impact Income caste certificate delay :पटना में अंचल कार्यालयों की व्यवस्था इन दिनों बुरी तरह चरमरा गई है. सीओ (अंचलाधिकारी) और राजस्व हड़ताल पर हैं. इस हड़ताल का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है. आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेजों के लिए किए गए आवेदन बड़ी संख्या में पेंडिंग पड़े हैं. स्थिति यह है कि रोजाना आने वाले आवेदनों में से आधे से ज्यादा का निपटारा नहीं हो पा रहा है. इस वजह से लोगों को बार-बार अंचल कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.

800 आवेदन रोज, लेकिन आधे का ही निपटारा

हड़ताल से पहले पटना सदर अंचल में रोज करीब 1000 आवेदन आते थे. अब यह संख्या घटकर 700-800 रह गई है, लेकिन निपटारा महज  400-450 आवेदनों का ही हो पा रहा है. ऐसे में इस हड़ताल की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हर दिन लंबित मामलों का ढेर बढ़ता जा रहा है और आम लोग परेशान होने को मजबूर हैं.

दानापुर से मसौढ़ी तक एक जैसी तस्वीर

यह समस्या सिर्फ पटना सदर तक सीमित नहीं है. दानापुर, पटना सिटी, मसौढ़ी, धनरूआ और पुनपुन जैसे अंचलों में भी यही हाल है. मसौढ़ी में लगभग 1000 आवेदन लंबित हैं. धनरूआ में भी 1400 से ज्यादा मामले अटके हुए हैं. इधर, पुनपुन के अंचल कार्यालय में भी 900 आवेदन पेंडिंग हैं. कार्यालय खुले जरूर हैं, लेकिन वहां सन्नाटा पसरा है. हड़ताल की जानकारी होने के कारण लोग भी अब कम ही पहुंच रहे हैं.

ऑपरेटरों की मनमानी बढ़ी

जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि हड़ताल के बीच ऑपरेटरों की मनमानी भी बढ़ गई है. जिनका ‘जुगाड़’ बन रहा है, उनका काम आसानी से हो जा रहा है, जबकि आम लोग फाइल लेकर भटकने को मजबूर हैं. ऐसे अब उन लोगों की चांदी हो गई है जो इस भ्रष्‍टतंत्र में अब तक पैसा नहीं बना पा रहे थे. सीओ की जिम्मेदारी फिलहाल बीडीओ को दी गई है, लेकिन पूरी प्रक्रिया और रिपोर्ट सही तरीके से नहीं पहुंचने के कारण म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) जैसे मामले भी लंबित हैं.

डोंगल नहीं, तो काम भी नहीं

दानापुर में तो स्थिति और भी खराब है. यहां सीओ का डोंगल सक्रिय नहीं होने के कारण परिमार्जन, दाखिल-खारिज, भू-मापी और एलपीसी जैसे जरूरी काम पूरी तरह ठप पड़ा रहा. प्रखंड कार्यालय में सीओ कक्ष पर ताला लटका मिला, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई.

लोगों का दर्द: 8-10 दिन बाद भी नहीं बना सर्टिफिकेट

आम लोगों की परेशानी उनकी बातों से साफ झलकती है.प्रभात खबर संवाददाता ने जब लोगों से बातचीत की तो कई तरह की परेशानी निकल कर आई. अविनाश कुमार बताते हैं, “आय प्रमाण पत्र के लिए 8 दिन पहले आवेदन किया था, लेकिन अब तक नहीं बना.” वहीं, मनीष कुमार कहते हैं, “आवासीय प्रमाण पत्र के लिए 10 दिन हो गए, फिर भी कोई अपडेट नहीं है.”

बड़ा सवाल, कब सुधरेगी व्यवस्था?

पटना और आसपास के अंचलों में हालात यह हैं कि जरूरी प्रमाण पत्र के लिए भी लोगों को हफ्तों इंतजार करना पड़ रहा है. हड़ताल, कुप्रबंधन और तकनीकी बाधाओं के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है क‍ि क्या प्रशासन इस समस्या का जल्द समाधान निकाल पाएगा या आम लोगों की परेशानी ऐसे ही बढ़ती रहेगी?


Also Read : पटना में LPG संकट : गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें, जानिए क्‍यों करना पड़ रहा 10–15 दिन इंतजार

विज्ञापन
Keshav Suman Singh

लेखक के बारे में

By Keshav Suman Singh

बिहार-झारखंड और दिल्ली के जाने-पहचाने पत्रकारों में से एक हैं। तीनों विधाओं (प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और वेब) में शानदार काम का करीब डेढ़ दशक से ज्‍यादा का अनुभव है। वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में बतौर डिजिटल हेड बिहार की भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले केशव नवभारतटाइम्‍स.कॉम बतौर असिसटेंट न्‍यूज एडिटर (बिहार/झारखंड), रिपब्लिक टीवी में बिहार-झारखंड बतौर हिंदी ब्यूरो पटना रहे। केशव पॉलिटिकल के अलावा बाढ़, दंगे, लाठीचार्ज और कठिन परिस्थितियों में शानदार टीवी प्रेजेंस के लिए जाने जाते हैं। जनसत्ता और दैनिक जागरण दिल्ली में कई पेज के इंचार्ज की भूमिका निभाई। झारखंड में आदिवासी और पर्यावरण रिपोर्टिंग से पहचान बनाई। केशव ने करियर की शुरुआत NDTV पटना से की थी।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन