पटना: गौरीचक में TVS शोरूम पर बदमाशों का धावा, मालिक-कर्मचारियों से मारपीट, CCTV में कैद हुई वारदात
घटनास्थल की तस्वीर
पटना के गौरीचक में एक TVS शोरूम पर बदमाशों ने हमला कर मालिक और कर्मचारियों से मारपीट की. पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस CCTV फुटेज और जब्त बाइक के सहारे आरोपियों की तलाश कर रही है.
Gaurichak TVS Showroom Attack : पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के बेलदारी चक स्थित एक TVS शोरूम में मंगलवार की रात बदमाशों ने हमला कर दहशत फैला दी. 10 से 15 की संख्या में पहुंचे आरोपियों ने शोरूम संचालक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की. पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है.
आपके शहर में
Patna News : शोरूम में घुसते ही शुरू कर दी मारपीट
जानकारी के अनुसार, शोरूम संचालक आलोक कुमार अपने कर्मचारियों के साथ शोरूम में मौजूद थे. तभी कई युवक अचानक अंदर घुस आए और बिना किसी विवाद के हमला शुरू कर दिया. बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे शोरूम में अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए कर्मचारी और अन्य लोग इधर-उधर भागने लगे.
भागते समय छोड़ गए बाइक, लोगों ने किया क्षतिग्रस्त
हमले के बाद आरोपी जल्दबाजी में फरार हो गए, लेकिन उनकी एक मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गई. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोश में बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
CCTV फुटेज और बाइक के सहारे जांच तेज
सूचना मिलने पर गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना अध्यक्ष सुमन कुमार के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी प्रतीक्षा कुमारी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने छोड़ी गई मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया और शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज, हर एंगल से जांच
शोरूम संचालक आलोक कुमार ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गौरीचक थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि CCTV फुटेज, जब्त मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश थी या लूटपाट की मंशा. उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए