सेमेस्टर-थ्री के रिजल्ट पर भड़के छात्र, एसएच-69 जाम कर किया प्रदर्शन, दोबारा कॉपी जांच की मांग
हंगामा करते छात्र
हिमालय यूनिवर्सिटी के बीएससी नर्सिंग और फार्मेसी के छात्रों ने सेमेस्टर-3 के रिजल्ट में धांधली का आरोप लगाते हुए बुधवार को NH-69 को जाम कर दिया. छात्रों ने बताया कि फार्मेसी में 100 में से सिर्फ 7 छात्र पास हुए हैं, जबकि नर्सिंग में 22 पास हुए हैं. उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की मांग की.
B.Sc Nursing students create an uproar : पालीगंज प्रखंड के चिकसी स्थित हिमालय यूनिवर्सिटी मेडिकल कॉलेज के बीएससी नर्सिंग और फार्मेसी के सेमेस्टर-थ्री के रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाकर बुधवार को छात्रों ने पाली-किंजर पथ (एसएच-69) जाम कर दिया. आक्रोशित विद्यार्थी कॉलेज के सामने सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
आपके शहर में
फार्मेसी में 100 में सिर्फ सात पास
छात्रों का आरोप है कि फार्मेसी के सेमेस्टर-थ्री के रिजल्ट में करीब 100 विद्यार्थियों में महज सात छात्र ही उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि 92 विद्यार्थी फेल हैं. वहीं, बीएससी नर्सिंग के करीब 100 विद्यार्थियों में 22 छात्र पास हुए हैं, जबकि 77 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए हैं. छात्रों ने रिजल्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
मेधावी छात्रों को भी मिले कम अंक
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि नियमित कक्षा करने और इंटरनल परीक्षा में सफल होने वाले कई छात्र विश्वविद्यालय की परीक्षा में फेल हो गये हैं. वहीं, नियमित कक्षा नहीं करने और इंटरनल परीक्षा में असफल रहने वाले कुछ विद्यार्थियों के पास होने पर भी छात्रों ने सवाल उठाये. विद्यार्थियों का कहना है कि कई मेधावी और टॉपर छात्रों को भी अपेक्षा से काफी कम अंक मिले हैं. छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच कराने और कॉपी जांच में अनियमितता करने वाले संबंधित प्रोफेसरों पर कार्रवाई की मांग की.
पुलिस के समझाने पर हटाया जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर सिगोड़ी थानाध्यक्ष तनेश पायल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया. इसके बाद एसएच-69 पर यातायात सामान्य हुआ. हालांकि, छात्र पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच और संशोधित रिजल्ट जारी कर न्याय दिलाने की मांग पर अड़े हैं.इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य जितेंद्र कुमार से संपर्क किया गया. उन्होंने बताया कि वे पटना में बैठक में हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए