‘अपराधियों का इलाज कर देगी सम्राट सरकार…’, खान सर की कोचिंग पर हमले के मामले में NDA नेताओं ने क्या कहा?

Updated:
विज्ञापन

संजय झा और दिलीप जायसवाल की तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Khan Sir Coaching Attack: पटना में खान सर की कोचिंग पर हुए हमले और पत्थरबाजी की घटना पर अब सियासी प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं. भाजपा और जदयू नेताओं ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन

Khan Sir Coaching Attack: पटना में मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुई पत्थरबाजी और हमले की घटना अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है. भाजपा और जदयू के कई नेताओं ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. वहीं मौके पर कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता भी पहुंचे थे.

विज्ञापन

संजय झा बोले- अपराधियों का होगा इलाज

जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने कहा कि बिहार सरकार की पहली प्राथमिकता कानून व्यवस्था को बनाए रखना है. उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले 20 वर्षों के दौरान अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की परंपरा रही है और आगे भी यही जारी रहेगा. उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं और उनके शासनकाल में भी अपराधियों का इसी तरह इलाज किया जाएगा. संजय झा ने कहा कि अगर किसी ने अपराध किया है तो उसे पकड़ा जाएगा और कानून के अनुसार सजा भी मिलेगी.

भाजपा ने कहा- कानून तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में कानून अपना काम करेगा. जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है.

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार क्या बोले?

जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट और पुलिस की शुरुआती जानकारी से यह मामला दो कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

गोलीबारी से किया इनकार

जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि खान सर की कोचिंग पर गोलीबारी नहीं हुई थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और हालात को नियंत्रित किया गया. उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी और हंगामे में जो भी लोग शामिल होंगे, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

जांच जारी, पुलिस की नजर पूरे मामले पर

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. सरकार और प्रशासन दोनों ने साफ कर दिया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: खान सर की कोचिंग पर हमले का वीडियो देखिए, गार्ड से मारपीट, तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ते दिखे हमलावर

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन