पटना: पुरानी रंजिश में हत्या की साजिश नाकाम, कट्टा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार कलेन्द्र व पुलिस | Prabhat Khabar Network
पटना के मसौढ़ी में पुरानी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रचने वाले युवक को पुलिस ने कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। बड़ी वारदात टली।
Patna Crime News : मसौढ़ी में पुरानी रंजिश के प्रतिशोध में धनरुआ के जियाउद्दीनचक में हत्या की वारदात को अंजाम देने की योजना पुलिस ने समय रहते विफल कर दी. धनरुआ थाना पुलिस और पटना एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में जियाउद्दीनचक निवासी अनीश कुमार को एक देसी कट्टा और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार अनीश लंबे समय से गांव से बाहर रह रहा था और बदला लेने की नीयत से ही जियाउद्दीनचक लौट रहा था.
आपके शहर में
एसटीएफ को मिली थी हत्या की साजिश की सूचना
पुलिस के मुताबिक बुधवार को पटना एसटीएफ को सूचना मिली कि अनीश कुमार पुरानी रंजिश के चलते जियाउद्दीनचक में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए परसा बाजार की ओर से आ रहा है. सूचना मिलते ही धनरुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार और नदवां ओपी प्रभारी अंकित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुनपुन स्थित लक्ष्मण झूला ऑटो स्टैंड के पास घेराबंदी की.
पुलिस को चकमा देकर भागा, पीछा कर दबोचा
पुलिस की चहलकदमी देख अनीश वहां से पुलिस को चकमा देकर निकल भागा. पुलिस को उसके भागने की जानकारी मिली तो टीम ने उसका पीछा शुरू किया. इसके बाद धनरुआ के चरपुलवा के पास घेराबंदी कर पुलिस ने अनीश को पकड़ लिया.
पूछताछ में हत्या की योजना का खुलासा
पूछताछ में अनीश ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में उसके चाचा धर्मबीर पासवान और वर्ष 2025 में उसकी ही जाति के दो अन्य लोगों की हत्या गांव के एक जाति विशेष के कुछ लोगों द्वारा किये जाने के बाद से वह आक्रोशित था. इसी पुरानी रंजिश और प्रतिशोध की भावना में वह हत्या की नीयत से जियाउद्दीनचक आ रहा था.
पुलिस के अनुसार अनीश ने रक्षाबंधन के दिन जियाउद्दीनचक में हत्या कर दोबारा गांव से बाहर निकल जाने की योजना बनायी थी. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर उसकी योजना विफल कर दी.
झाड़ी में छिपाकर रखा था लोडेड कट्टा
पुलिस ने अनीश की निशानदेही पर जियाउद्दीनचक जाने वाले मोड़ के पास बाउंड्री किये गये प्लॉट के सामने सड़क किनारे पेड़ की जड़ के पास झाड़ी में छिपाकर रखा लोडेड देसी कट्टा बरामद किया. इसके साथ तीन जिंदा कारतूस भी मिले. हथियार बरामदगी के आधार पर पुलिस ने अनीश के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए