मोबाइल के जरिए नाबालिग से दोस्ती की, मिलने के लिए पटना आया युवक; अब दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज
सांकेतिक फोटो
पटना में मोबाइल पर हुई दोस्ती के बाद एक 18 वर्षीय युवक 15 वर्षीय नाबालिग से मिलने पहुंचा. युवक पर गेस्ट हाउस में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है. पुलिस पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है.
Rape of Minor Girl In Patna : मोबाइल फोन पर दोस्ती के बाद 15 वर्षीय नाबालिग से मिलने पटना पहुंचे 18 वर्षीय युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. घटना पटना जंक्शन के पास स्थित एक गेस्ट हाउस की बतायी जा रही है. पीड़िता के परिजन शुक्रवार को कोतवाली थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की.
आपके शहर में
31 अगस्त को मिलने पटना आया था युवक
पीड़िता पटना सिटी की रहने वाली है. पुलिस के अनुसार करीब नौ-दस महीने पहले मोबाइल फोन के जरिये उसकी 18 वर्षीय युवक से दोस्ती हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही. आरोप है कि युवक ने नाबालिग को शादी का भरोसा दिया था. 31 अगस्त को युवक उससे मिलने पटना आया. दोनों रात में पटना जंक्शन के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में रुके. पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए.
घर पहुंचने पर परिजनों को बतायी घटना
अगले दिन जब पीड़िता घर पहुंची, तो परिजनों ने उसके रातभर बाहर रहने के संबंध में पूछताछ की. इस दौरान उसने परिवार के सदस्यों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे लेकर कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की.
मोबाइल नंबर से आरोपित की तलाश
पुलिस के मुताबिक पीड़िता आरोपित युवक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रही है. उसे युवक के घर और ठिकाने की भी जानकारी नहीं है. फिलहाल पुलिस के पास आरोपित का मोबाइल नंबर है. इसी के आधार पर उसकी पहचान और संभावित ठिकाने का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
गेस्ट हाउस के कमरे की जांच, मेडिकल भी कराया
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गेस्ट हाउस के संबंधित कमरे की जांच की है. कर्मचारियों से भी पूछताछ कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं. पीड़िता की मेडिकल जांच भी करायी गयी है. पुलिस अब कोर्ट के समक्ष उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करेगी. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए