पटना सिटी : कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, आज 25 हजार दीयों से जगमग होगा कंगन घाट

Updated:
विज्ञापन

गंगा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Patna City Kartik Purnima : कार्तिक पूर्णिमा पर पटना के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. स्नान, पूजा-अर्चना के साथ मेले का भी आयोजन हुआ. आज देव दीपावली मनाई जाएगी.

विज्ञापन

Patna City Kartik Purnima : पटना सिटी में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा घाटों पर स्नान का सिलसिला शुरू हो गया था. गायघाट, भद्र घाट, महावीर घाट, खाजेकलां घाट, दमराही घाट और दीदारगंज घाट समेत अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगायी. स्नान के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया.

विज्ञापन

घाटों पर लगा मेला, एक महीने का कार्तिक स्नान संपन्न

गंगा घाटों पर स्नान के साथ मेला भी लगा. यहां खाने-पीने के व्यंजनों और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की दुकानें सजी थीं. श्रद्धालुओं ने मेले में खरीदारी भी की. कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही एक महीने से चल रहा कार्तिक स्नान का सिलसिला भी संपन्न हो गया.

Image

बड़ी और छोटी पटनदेवी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

गंगा स्नान के बाद बड़ी पटनदेवी, छोटी पटनदेवी और अगमकुआं स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भी भक्तों की भीड़ जुटी. सुबह मंगला आरती के बाद मंदिरों के कपाट खुलते ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे. बड़ी पटनदेवी के महंत विजय शंकर गिरी तथा छोटी पटनदेवी के आचार्य अनंत अभिषेक द्विवेदी और विवेक द्विवेदी ने बताया कि मंगला आरती से ही भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी थी.

दादा बाड़ी जैन मंदिर में हुए धार्मिक अनुष्ठान

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बेगमपुर स्थित दादा बाड़ी जैन मंदिर में जैन धर्मानुरागियों ने पूजा-अर्चना की. इस दौरान नवकार महामंत्र, बड़ी पूजा, भजन-कीर्तन और सामूहिक दादा गुरु की इक्तीसा का पाठ हुआ. मंगल आरती समेत अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किये गये.

गंगा घाटों पर सुरक्षा के लिए प्रशासन रहा मुस्तैद

गंगा स्नान के दौरान घाटों पर विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए अनुमंडल प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किये गये थे. एसडीओ कशिश बक्शी ने अधिकारियों के साथ नियंत्रण कक्ष और गश्ती व्यवस्था की निगरानी की. उन्होंने बताया कि अनुमंडल के गंगा घाटों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और गोताखोरों की तैनाती की गयी थी. इसके अलावा मोटर लॉन्च से भी गश्ती की गयी.

कंगन घाट पर 25 हजार दीयों से मनेगी देव दीपावली

कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली और गुरु नानक जयंती के अवसर पर कंगन घाट को 25 हजार दीपों से रोशन किया जायेगा. गंगा सेवा दल समन्वय समिति के अध्यक्ष डॉ राजीव गंगोल, महासचिव राजेश शुक्ला टिल्लू और प्रवक्ता सुजीत कसेरा ने बताया कि मंगलवार शाम को गंगा तट पर दीप जलाये जायेंगे. आयोजन में मंत्री, विधायक, महापौर समेत अन्य प्रबुद्ध लोग शामिल होंगे. इस मौके पर आचार्य मनोज भट्ट की ओर से गंगा आरती का अनुष्ठान किया जायेगा.

Also Read : कार्तिक पूर्णिमा: गंगा स्नान के लिए रात से ही पटना जंक्शन पर जुटे श्रद्धालु, बक्सर, आरा-छपरा से आने वाली ट्रेनों में भारी भीड़

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन