पटना आकाशवाणी गली में मिले युवक के शव की हुई पहचान, CCTV में पैदल आते दिखा था शिपु; कुछ देर बाद अचानक बैठा और हो गयी मौत
AI से बनाई गई तस्वीर
शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान शिपु कुमार के रूप में हो गई है. सीसीटीवी फुटेज में वह गली में जाते और फिर अचानक बैठते हुए देखा गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
आपके शहर में
Patna Crime News : शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार पुल के पिलर नंबर 28 के सामने आकाशवाणी गली में शुक्रवार को मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान शनिवार को हो गयी. मृतक की पहचान राजीवनगर थाना क्षेत्र के नेपाली नगर निवासी महेश यादव के 28 वर्षीय पुत्र शिपु कुमार के रूप में हुई है. पहचान के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.
गुरुवार रात घर नहीं लौटा था शिपु
परिजनों के अनुसार शिपु कुमार पेंट करने का काम करता था और काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था. गुरुवार की रात वह घर नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की. शनिवार को उन्हें शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में अज्ञात युवक का शव मिलने की जानकारी मिली. इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और शव की पहचान शिपु कुमार के रूप में की.
CCTV में पैदल गली की ओर जाता दिखा
पुलिस की जांच में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आयी है. फुटेज में शिपु पैदल आकाशवाणी गली की ओर जाता दिख रहा है. गली में पहुंचने के बाद वह अचानक बैठ गया और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गयी. हालांकि वह किस वजह से वहां पहुंचा और अचानक उसकी मौत कैसे हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है.
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाये थे. टीम ने मृतक का ब्लड सैंपल भी लिया था. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर मौत की वजह पता लगाने में जुटी है.
भाई के आवेदन पर यूडी केस दर्ज
मृतक के भाई शिव पूजन कुमार के आवेदन पर शास्त्री नगर थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है. शास्त्री नगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि शव की पहचान शिपु कुमार के रूप में हो गयी है. वह पेंट का काम करता था. मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए