अमेरिका की नौकरी छोड़ी, पहले IPS फिर 58वीं रैंक लाकर बनीं IAS, अब दिव्या शक्ति को पटना में मिली बड़ी जिम्मेदारी
IAS दिव्या शक्ति
IAS Divya Shakti: बिहार कैडर की 2022 बैच की IAS अधिकारी दिव्या शक्ति एक बार फिर सुर्खियों में हैं. सरकार ने उन्हें पटना में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का नया उत्पाद आयुक्त बनाया है. BITS Pilani से पढ़ाई और अमेरिका की नौकरी छोड़कर पहली ही बार में IPS और फिर IAS बनने वाली दिव्या शक्ति की पूरी कहानी बेहद प्रेरणादायक है.
IAS Divya Shakti: बिहार की प्रशासनिक सेवा में आईएएस दिव्या शक्ति को नई और अहम भूमिका सौंपी गई है. हाल ही में हुए तबादले के तहत उन्हें पटना में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में उत्पाद आयुक्त (Excise Commissioner) के पद पर तैनात किया गया है.
इससे पहले वह कैमूर जिले में उप विकास आयुक्त (DDC) सह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं. राज्य में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिहाज से यह जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
पहले ही प्रयास में 79वीं रैंक से मिला IPS
दिव्या शक्ति का सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) का सफर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बेहद खास है. उन्होंने 2019 में पहली बार UPSC की परीक्षा दी थी.
अपने पहले ही प्रयास में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 79वीं रैंक हासिल की. इस बेहतरीन रैंक के आधार पर उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हुआ था.
IPS की ट्रेनिंग के साथ तैयारी, दूसरे प्रयास में बनीं IAS
पहली ही बार में IPS जैसी प्रतिष्ठित सेवा मिलने के बावजूद दिव्या शक्ति ने अपनी तैयारी नहीं रोकी. उनका अंतिम लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनने का था. इसलिए उन्होंने अपनी ट्रेनिंग के साथ पढ़ाई जारी रखी.
अपने दूसरे प्रयास में उन्होंने अपनी ऑल इंडिया रैंक सुधारकर 58वीं हासिल की और आखिरकार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में शामिल होने का अपना सपना पूरा कर दिखाया.
BITS Pilani से पढ़ाई और अमेरिका में कॉर्पोरेट अनुभव
दिव्या शक्ति का शैक्षणिक सफर भी काफी शानदार रहा है. उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान BITS Pilani से कंप्यूटर साइंस में बी.टेक की डिग्री ली और साथ ही इकोनॉमिक्स में एम.एससी की पढ़ाई भी पूरी की.
डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने लगभग दो वर्षों तक अमेरिका की एक नामी कंपनी में कॉर्पोरेट सेक्टर में नौकरी की. हालांकि, समाज सेवा के जज्बे के चलते उन्होंने मोटी सैलरी वाली नौकरी छोड़कर सिविल सेवा की राह चुनी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
दानापुर SDM से लेकर पटना में नई चुनौती तक
बिहार कैडर मिलने के बाद दिव्या शक्ति ने कई बड़े पदों पर काम किया है. वह पटना जिले के दानापुर में एसडीएम के पद पर तैनात रह चुकी हैं. इसके बाद उन्हें कैमूर का डीडीसी बनाया गया था.
अब उत्पाद आयुक्त के तौर पर उन पर बिहार सरकार की शराबबंदी नीति और उत्पाद व्यवस्था की सीधी जिम्मेदारी होगी. एक महिला प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उनकी इस नई तैनाती को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में जहां बनना था एयरपोर्ट और सैटेलाइट टाउनशिप, बाढ़ ने खोल दी जमीन की पोल, अब क्या होगा?
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए