पटना: त्योहार से पहले गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर लगा भीषण जाम, रेंगते रहे वाहन
जाम में फंसे लोग
पटना के गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर त्योहार से पहले भीषण जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क किनारे अतिक्रमण, ई-रिक्शा चालकों की मनमानी और नो-इंट्री नियमों के उल्लंघन ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
Traffic Patna : दानापुर में त्योहार के एक दिन पहले गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर गुरुवार की शाम यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी. तकियापर पुलिस चौकी के समीप सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और वाहन रेंगते नजर आये. जाम में आम लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
आपके शहर में
सड़क किनारे अतिक्रमण से बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार गांधी मैदान मुख्य मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. नगर परिषद कार्यालय के गेट के पास ई-रिक्शा चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर यात्रियों को बैठाते और उतारते हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है.
पुलिस चौकी के पास भी नहीं दिखी यातायात पुलिस
मजे की बात यह रही कि तकियापर पुलिस चौकी के समीप जाम लगने के बावजूद यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी नजर नहीं आये. इससे जाम में फंसे लोगों की परेशानी और बढ़ गयी. स्थानीय लोगों ने बताया कि गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर बस पड़ाव से लेकर तकियापर और मिथिला कॉलोनी मोड़ तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही.
नो-इंट्री में भी भारी वाहनों का परिचालन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नो-इंट्री के समय भी ईंट लदे ट्रैक्टर समेत अन्य भारी वाहनों का इस मार्ग पर परिचालन किया जा रहा है. इसके बावजूद स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है. लोगों का कहना है कि नो-इंट्री का सख्ती से पालन कराया जाये तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.
यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी पर पुलिस में खींचतान
जाम को लेकर स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस की जिम्मेदारी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है. स्थानीय पुलिस अधिकारी का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुचारू करना यातायात पुलिस की जिम्मेदारी है. वहीं यातायात पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस की है. दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर चुप्पी साधे हुए हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए