दानापुर में मिलावटखोरों पर कार्रवाई: पनीर-दूध में मिलावट पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापेमारी; 180 लीटर दूध नष्ट
नमूने की जांच के बाद की गई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध और पनीर में मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. छापेमारी में फॉर्मेलिन मिले 180 लीटर दूध को नष्ट कराया गया और पशुपालक को नोटिस दिया गया. विभाग ने मिलावट रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया.
Food Safety: पनीर और दूध में मिलावट करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पीपा पुल रोड और भट्ठीपर में पनीर की दुकानों और गोशाला में छापेमारी की. इस दौरान पनीर और दूध के नमूने लिये गये. वहीं, दूध में फॉर्मेलिन मिलावट का मामला सामने आने पर 180 लीटर दूध को नष्ट कराया गया. संबंधित पशुपालक को नोटिस भी दिया गया है.
पीपा पुल रोड पर पनीर का नमूना लिया
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुदामा चौधरी और वरीय विश्लेषक मुनेश चंद्र प्रसाद के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुदामा चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य सचिव और खाद्य सुरक्षा सचिव के निर्देश के आलोक में यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पीपा पुल रोड स्थित पनीर की दुकान से नमूना लिया गया है. दुकानदार को नोटिस भी दिया गया है. नमूने की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की जायेगी.
दूध में फॉर्मेलिन मिलावट का मामला
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि भट्ठीपर में एक पशुपालक के दूध में फॉर्मेलिन की मिलावट पायी गयी. इसके बाद 180 लीटर दूध को नष्ट कराया गया और पशुपालक को नोटिस दिया गया. उन्होंने बताया कि फॉर्मेलिन युक्त दूध का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से नुकसानदेह हो सकता है. इससे कैंसर समेत अन्य बीमारियों का खतरा होने की संभावना रहती है.
दूध विक्रेताओं और पशुपालकों को किया जागरूक
अभियान के दौरान पशुपालकों और दूध विक्रेताओं को मिलावट से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया. खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा.
बिहार में 34 लाख से ज्यादा बाढ़ से प्रभावित, अगले 2 दिन भयंकर बारिश का अलर्ट, नदियों में उफान से खौफ में लोग
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए