Patna : देर रात राजद नेता के मार्केट में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत, दो जख्मी

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 27 Jul 2024 1:45 AM

विज्ञापन

पिपरा बाजार स्थित राजद नेता वेद प्रकाश के मार्केट में शुक्रवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने घुस कर तीन दुकानदारों को गोली मार दी, जिनमें एक की मौत हो गयी. मरने वाले दुकानदार एक हत्याकांड के गवाह थे.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, फुलवारीशरीफ : रामकृष्णानगर थाने के पिपरा बाजार स्थित राजद नेता वेद प्रकाश के मार्केट में शुक्रवार की देर रात 15 से 20 बाइक सवार बदमाशों ने घुस कर अंधाधुंध फायरिंग की. इसमें तीन दुकानदारों को गोली लग गयी, जिनमें एक की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार गोलीबारी में छड़-सीमेंट व इलेक्ट्रिक दुकानदारों को गोली लगी, जिनमें छड़-सीमेंट कारोबारी की मौत हो गयी. इलेक्ट्रिक दुकानदार दो सगे भाई घायल हो गये हैं. आनन-फानन में स्थानीय लोग दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया. सूचना मिलते ही रामकृष्णानगर, पत्रकार नगर, कंकड़बाग, बाइपास समेत अन्य थानों की पुलिस पहुंची. वहीं एएसपी स्वीटी सेहरावत भी पहुंचीं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इधर लोगों ने विरोध में सड़क को जाम कर आगजनी की.

ललन हत्याकांड में गवाह थे दुकानदार राजेश

जानकारी के अनुसार राजद नेता वेद प्रकाश के मार्केट के पास शुक्रवार की देर रात 15-20 अपराधी बाइक से व पैदल पहुंचे. सभी हथियार से लैस थे. मार्केट में गजेंद्र कुमार (28 वर्ष) व शिवम कुमार (23 वर्ष) की इलेक्ट्रिक दुकान है और राजेश कुमार की छड़-सीमेंट की दुकान है. इस दुकान में घुस कर अपराधियों ने राजेश कुमार को सीने में गोली मार दी. वह दौड़ कर किराये के घर की ओर भागे. वह दरवाजे पर पहुंचे ही थे कि अपराधियों ने तीन और गाेलियां मार दीं, जिससे मौके पर मौत हो गयी. वह ललन सिंह हत्याकांड के गवाह थे. वहीं, कुछ बदमाश मार्केट के बाहर से ही हवाई फायरिंग कर रहे थे, ताकि कोई विरोध न कर सके, लेकिन इलेक्ट्रिक दुकानदार दोनों भाइयों ने विरोध किया, तो अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार कर घायल कर दिया.

घायलों ने शेखपुरा के सोनू व मिट्ठू पर लगाया आरोप

मृत राजेश कुमार शेखपुरा के सुरेश सिंह के पुत्र थे. वह लंबे समय से पिपरा बाजार में छड़-सीमेंट का कारोबार कर रहे थे. घायल दोनों भाइयों ने अस्पताल में पुलिस को बयान दिया है कि गोलीबारी करने वालों में शेखपुरा के रामबाबू सिंह का बेटा सोनू कुमार व मिठु कुमार और अन्य 10-15 युवक शामिल हैं. सोनू-मिट्ठू बाइक से आये थे और बाकी पैदल आये थे. सभी हथियार लेकर पहुंचे और ताबड़तोड़ गाेली चलाने लगे. पुलिस को बताया कि ये लोग शराब का धंधा करते हैं और दुकानदारों से रंगदारी मांगते हैं. मिली जानकारी के अनुसार तीन माह पूर्व स्थानीय ललन सिंह पर इन्हीं लोगों ने गोली चलायी गयी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन