पटना : फतुहा-दनियावां में नदियों का जलस्तर बढ़ा, गांवों में घुसा पानी, सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूबी
बाढ़ के बीच मवेशी को ले जाते लोग
Fatuha-Daniyawan Flood : फतुहा और दनियावां प्रखंड में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. निचले इलाकों के कई गांवों में पानी घुस गया है, जिससे किसानों की सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूब गई है. दौलतपुर जैसे गांवों में लोगों को छाती भर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है.
Fatuha-Daniyawan Flood : पटना के फतुहा और दनियावां प्रखंड क्षेत्र में पुनपुन, महात्माइन और धोबा नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. निचले इलाकों के कई गांवों में पानी घुस गया है. सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल डूबने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. फतुहा के दौलतपुर गांव में ग्रामीणों को पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
नदियों के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि
फतुहा/दनियावां. फतुहा और दनियावां प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की रात से पुनपुन, महात्माइन और धोबा नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि हुई है. इसके बाद निचले हिस्सों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. कई गांवों में नदी का पानी प्रवेश कर गया है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है.

सैकड़ों एकड़ धान की फसल पानी में डूबी
नदी का पानी खेतों तक पहुंचने से सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल डूब गयी है. किसानों को फसल बर्बाद होने और आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है. जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी रहने से ग्रामीणों में भी बाढ़ की आशंका बढ़ गयी है.
फतुहा के कई गांवों की सड़कें जलमग्न
फतुहा में गंगा नदी के उफान पर रहने से शहरी क्षेत्र के कई मोहल्लों की ढलाई वाली सड़कों तक पानी पहुंच गया है. डुमरी और मौजीपुर पंचायत के कई गांव भी जलमग्न हो गए हैं. डुमरी पंचायत के पश्चिमी और उत्तरी हिस्से, अब्दालपुर, डुमरी, मौजीपुर पंचायत के दौलतपुर तथा जेठुली पंचायत के सुकुलपुर, मुराजपुर और खासपुर समेत कई गांवों की सड़कें पानी में डूब गयी हैं.
दौलतपुर में छाती भर पानी से होकर आवागमन
फतुहा क्षेत्र में सबसे खराब स्थिति दौलतपुर गांव की बतायी जा रही है. गांव के समीप सड़क पर छाती भर पानी बह रहा है. ग्रामीण जान जोखिम में डालकर इसी पानी से होकर आवागमन करने को मजबूर हैं. छोटे बच्चों को ट्यूब और खखसे से नावनुमा साधन बनाकर गांव से बाहर मुख्य सड़क तक लाया जा रहा है.
नाव की मांग कर रहे ग्रामीण
मुख्य सड़क तक पहुंचने के बाद ग्रामीण एक से दो फीट पानी में डूबी सड़क से होकर बाजार पहुंच रहे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाव उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.
कई मोहल्लों की गलियों में भी जमा हुआ पानी
फतुहा क्षेत्र में पुनपुन और गंगा नदी के किनारे बसे गोविंदपुर, गढ़ोंचक, सैदपुर और बांकीपुर समेत कई मोहल्लों की गलियों में भी पानी जमा हो गया है. इससे लोगों के सामान्य आवागमन में परेशानी हो रही है.
दनियावां में भी बढ़ा पानी का दबाव
दनियावां प्रखंड क्षेत्र में महात्माइन नदी के जलस्तर में वृद्धि से निचले इलाकों में पानी का दबाव बढ़ गया है. कई गांवों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीणों में बाढ़ की आशंका को लेकर भय का माहौल है.
फसल डूबने से किसानों की बढ़ी चिंता
दनियावां क्षेत्र में भी खेतों में पानी पहुंचने से धान की फसल प्रभावित हुई है. किसानों को भारी नुकसान की चिंता सता रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव की व्यवस्था करने की मांग की है.
प्रशासन से राहत और बचाव की तैयारी की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर और बढ़ने की स्थिति में आवागमन की समस्या गंभीर हो सकती है. ऐसे में प्रभावित गांवों में नाव समेत राहत और बचाव की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने की जरूरत है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए