530 करोड़ से पानी टंकी समेत तीन जगहों पर बनेगा कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, 261 करोड़ से बनेंगे 15 बहुउद्देशीय भवन

Updated:
विज्ञापन

एआइ से बनायी गयी तस्वीर

पटना नगर निगम ने 93 एजेंडों को दी मंजूरी। शहर में 15 वेंडिंग जोन, कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और 12 रोबोटिक मशीनें खरीदी जाएंगी। जानें पूरी खबर।

विज्ञापन

Patna News : राजधानी पटना की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और फुटपाथी दुकानदारों को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम 15 वेंडिंग जोन विकसित करेगा. इसके लिए म्यूनिसिपल बॉन्ड से करीब 261.84 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. वेंडिंग जोन के साथ बहुउद्देशीय भवनों में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, मैरिज हॉल और होटल भी बनाये जायेंगे. इससे फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों से होने वाले जाम से राहत मिलने के साथ शहर की सुंदरता बढ़ेगी और निगम की आमदनी में भी इजाफा होगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

यह निर्णय पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की 25वीं बैठक में लिया गया. बैठक में इस परियोजना समेत कुल 93 एजेंडों को स्वीकृति दी गयी. बैठक की अध्यक्षता मेयर सीता साहू ने की. इस अवसर पर डिप्टी मेयर रेशमी चंद्रवंशी, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, अपर नगर आयुक्त समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

सफाई के लिए खरीदी जायेंगी 12 रोबोटिक मशीनें

बैठक में मैनहोल और नालों की सफाई के लिए 12 रोबोटिक मशीनों की खरीद को मंजूरी दी गयी. इसके अलावा जर्जर निगम भवनों और जमीनों के आधुनिक विकास के लिए एनबीसीसी के साथ एमओयू करने का निर्णय लिया गया. वहीं, 3.48 करोड़ रुपये से मिलर हाइस्कूल परिसर स्थित पानी टंकी के रिनोवेशन और कैफेटेरिया निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गयी.

पार्षद निधि योजना 4.0 के तहत एक करोड़ रुपये से 849 स्थानीय विकास योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी.

विश्व बैंक की मदद से बनेंगे तीन बड़े कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स

बिहार अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट के तहत विश्व बैंक की सहायता से शहर में तीन बड़े कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाये जायेंगे. बांकीपुर अंचल के आर्य कुमार रोड में 1.20 एकड़ जमीन पर 133 करोड़ रुपये की लागत से कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनेगा. खेतान मार्केट के पास एक एकड़ जमीन पर 97 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जायेगा.

वहीं, पाटलिपुत्र अंचल में एएन कॉलेज पानी टंकी के पास करीब तीन एकड़ जमीन पर 300 करोड़ रुपये से कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है. वर्तमान में इस जमीन का इस्तेमाल नगर निगम की गाड़ियों की पार्किंग के लिए किया जाता है.

धूमधाम से मनेगा पाटलिपुत्र महोत्सव

पटना नगर निगम की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर शहर में भव्य पाटलिपुत्र महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. आयोजन पर करीब 20 से 25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसका उद्देश्य बिहार की कला, संस्कृति और समृद्ध विरासत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना है. निगम के अनुसार, महोत्सव से शहर को करीब 325 से 540 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आर्थिक लाभ होने का अनुमान है.

सोलर स्ट्रीट लाइट के लिए लिया जायेगा मार्गदर्शन

शहर में स्ट्रीट लाइट की नियमित निगरानी और सुचारु संचालन को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई. मुख्यमंत्री के निर्देशों के आलोक में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए नगर विकास विभाग से मार्गदर्शन लेने का निर्णय लिया गया. वहीं, नयी एजेंसी के चयन तक वर्तमान एजेंसी ईईएसएल को कार्य विस्तार देने की स्वीकृति दी गयी है. इससे स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और रखरखाव का काम प्रभावित नहीं होगा.

60 पेयजल परियोजनाओं को मिली मंजूरी

बढ़ती आबादी को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन विस्तार और हाइयील्ड बोरिंग की करीब 60 परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी. इनमें वार्ड-7 के गोकुल पथ, सहदेव पथ, इंद्रपुरी, महेश नगर, शिवपुरी और सीपी ठाकुर पथ, वार्ड-34 के गायत्री मंदिर रोड, वार्ड-16 के जनता रोड और पत्थर गली तथा वार्ड-61 के अखिलेश नगर, नवनीत कॉलोनी, शिवचक माल, साहू कॉलोनी और मौर्य कॉलोनी समेत अन्य इलाके शामिल हैं.

वार्ड-62 के सब्जी मंडी और मंगल तालाब तथा वार्ड-3 के सबजपुरा में 700 घरों को कनेक्शन देने के साथ 500 फुट पाइपलाइन बिछाने की योजना भी स्वीकृत की गयी. इसके अलावा रघुनाथ हाइस्कूल, बुद्धिजीवी कॉलोनी समेत अन्य स्थानों पर हाइयील्ड बोरिंग करायी जायेगी.

अंचलवार वेंडिंग जोन के लिए स्वीकृत राशि

अंचलराशि
पाटलिपुत्र अंचल51.61 करोड़ रुपये
नूतन राजधानी अंचल54.76 करोड़ रुपये
कंकड़बाग अंचल18.24 करोड़ रुपये
बांकीपुर अंचल103.20 करोड़ रुपये
अजीमाबाद अंचल23.74 करोड़ रुपये
पटना सिटी अंचल10.28 करोड़ रुपये

इन 15 जगहों पर बनेंगे वेंडिंग जोन

मछली बाजार, अंटा घाट, बोरिंग रोड चौराहा से राजापुर पुल तक, राजापुर, शेखपुरा मोड़, बेउर मोड़, फिश मार्केट टेंपो स्टैंड, मुसल्लहपुर हाट, प्रेमचंद्र गोलंबर, बहादुरपुर, एनआईटी मोड़, डंका इमली, गायघाट, मीना बाजार और सती चौराहा के पास वेंडिंग जोन बनाये जायेंगे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन