ePaper

किताबों के शौकीनों के लिए कल से गांधी मैदान में सज जायेगी किताबों की दुनिया

Updated at : 05 Dec 2024 12:21 AM (IST)
विज्ञापन
किताबों के शौकीनों के लिए कल से गांधी मैदान में सज जायेगी किताबों की दुनिया

यदि आपको किताबों से प्यार है, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. गांधी मैदान में शुक्रवार से सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) की ओर से ‘पटना पुस्तक मेले’ का आगाज हो जायेगा.17 दिसंबर तक चलने वाले इस मेले में देश के दिग्गज लेखक, साहित्यकार, कवि, पत्रकार व फिल्म अभिनेता भाग लेंगे.

विज्ञापन

लाइफ रिपोर्टर@पटना

यदि आपको किताबों से प्यार है, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. गांधी मैदान में शुक्रवार से सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) की ओर से ‘पटना पुस्तक मेले’ का आगाज हो जायेगा.17 दिसंबर तक चलने वाले इस मेले में देश के दिग्गज लेखक, साहित्यकार, कवि, पत्रकार व फिल्म अभिनेता भाग लेंगे. यदि आपको साहित्य, संस्कृति, स्त्री विमर्श से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं तक की किताबें लेनी हो तो आप गांधी मैदान में लगने वाले पुस्तक मेले में आ सकते हैं. इस वर्ष का पटना पुस्तक मेला पद्मभूषण शारदा सिन्हा और पद्मश्री उषा किरण खान को समर्पित है. इन पर केन्द्रित कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.

……………………..

हाइलाइट्स

40 वर्षों से लगने वाले पटना पुस्तक मेले की गांधी मैदान में चल रही है तैयारी

02 प्रमुख मंचों के साथ विविध कार्यक्रमों से गुलजार होगा पटना पुस्तक मेला

215 स्टॉल में 100 से अधिक नामी-गिरामी प्रकाशक होंगे शामिल

बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम ‘बच्चे जैसे कथा कहानी’ का होगा आयोजन

पद्मभूषण शारदा सिन्हा व पद्मश्री उषा किरण खान को समर्पित होगा मेला

20 रुपये देकर आम आदमी पा सकता है मेले में इंट्री

स्कूली बच्चों को स्कूल के यूनिफॉर्म में आने पर फ्री में मिलेगा प्रवेश

………………….

मेले में कथा कहानी का भी होगा आयोजन

पटना पुस्तक मेला इस बार अपने दो प्रमुख मंचों के साथ विविध कार्यक्रमों से गुलजार होगा. इस बार नये आकर्षण बच्चे जैसे कथा कहानी, सिनेमा-उनेमा, किस्सागो, कविताई, हरियाली रंगोत्सव, बस बोल डाल, जानो जक्सन, कला मुआयना, जन संवाद, करियर एंड कॉन्सेलिंग, नयी किताब, कलम, कॉफ़ी हॉउस आदि हैं. इस बार यूनिसेफ के साथ मिलकर बच्चों को प्रेरित करने के लिए ‘बच्चे जैसे कथा कहानी’ कार्यक्रम किया जा रहा है. इसमें देश के मशहूर किस्सागो डॉक्टर कुमार विमलेन्दु बच्चों को कहानी लिखना सिखाएंगे. बच्चों द्वारा लिखित चुनी हुई कहानियों की किताब छापी जायेगी. इस बार पटना के मुहल्लों का स्मरण करना भी पटना पुस्तक मेला का ध्येय होगा. इस बार पटना पुस्तक मेला में तीन गेट से प्रवेश करने की सुविधा रहेगी. तीनों गेट पर टिकट काउंटर भी होगा. इस बात की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में देश के चर्चित लेखक और सीआरडी पटना पुस्तक मेला के अध्यक्ष रत्नेश्वर ने दी.

…………………

मोहल्ला के नाम पर होगा गेट

इस बार पटना के मोहल्ले का स्मरण करना भी पटना पुस्तक मेला का ध्येय होगा. इसलिए तीनों गेट का नाम क्रमशः अशोक राजपथ, बोरिंग रोड और फ्रेजर रोड होगा. प्रशासनिक भवन राजेंद्र नगर के नाम से जाना जायेगा, वहीं श्रीकृष्णा पुरी और पाटलिपुत्रा कॉलनी के नाम से मंच जाने जायेंगे. कला मुआयना कंकड़बाग, सिनेमा उनेमा बाकरगंज, हरियाली रंगोत्सव कुर्जी के नाम से पहचाना जायेगा. फूड कोर्ट और अन्य ब्लॉक के नाम मारुफ गंज, खेमनीचक, दानापुर, किदवईपुरी, राजा बाजार, खगौल, अनीसाबाद, अदालतगंज होंगे.

…………………

नये लेखक व इन्फ्लुएंसर भी होंगे शामिल

नये लेखकों की किताबों की प्रदर्शनी के लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं. केवल 101 रुपये रजिस्ट्रेशन चार्ज देकर नोवेल्टी एंड कंपनी के स्टॉल पर एक किताब की प्रदर्शनी लगेगी. शर्त यह होगी की लेखक को स्वयं उपस्थित रहना होगा. वहीं इस बार कुछ इन्फ्लुएंसर भी कार्यक्रमों में शामिल किये जा रहे हैं उनमें अंजलि सिंह, सौरव अनुराज, बरखा, अमितेश सिन्हा, मटरगस्ती के सैयद साहेब अली, व्हाइस हब के अनुकूल तिवारी, डॉ अभिषेक तिवारी, विदुषी, दीपक तिवारी आदि शामिल होंगे.

………………….

मेले में चर्चित कवि व कथाकार करेंगे शिरकत

मेले में चर्चित कवि सर्वश्री अनिल विभाकर, विनय कुमार, निवेदिता, कुमार मुकुल, ध्रुव गुप्त, मुकेश प्रत्युष, अरविन्द श्रीवास्तव, निखिल आनंद, नताशा, अंचित, उपांशु, उत्कर्ष, मैत्रीशरण, शहंशाह आलम, राजकिशोर राजन, राकेश रंजन, मुसाफिर बैठा. सुमन सिन्हा, चन्द्रबिन्द, समीर परिमल, रश्मि, गुंजन, संजय कुमार कुंदन, अरविन्द पासवान, निखलेश्वर वर्मा, खुर्शीद आलम, काशिम खुर्शीद, प्रेम किरण, आराधना प्रसाद, नशीम अख्तर, सदफ इक़बाल, शाहिद अख्तर, कृष्ण समिद्ध, अमलेंदु अस्थाना, नरेन्द्र कुमार, अरविन्द कुमार सिंह, रमाकांत चंदन, राजेश कमल आदि शामिल होंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन