बिहार में भाड़े के लोगों से अपना काम करवाते हैं परिवहन अधिकारी, मोबाइल और कागजात जब्त
Published by : Ashish Jha Updated At : 31 Jan 2025 9:51 AM
बेतिया में गिरफ्तार दलाल
Bihar Transport: पश्चिम चंपारण के मोटर यान निरीक्षक खुद जांच नहीं करते बल्कि इस काम के लिए वो भाड़े पर आदमी रखे हुए हैं. एमवीआई अपना सरकारी मोबाइल तक भाड़े के आदमियों के जिम्मे सौंप रखा है.
Bihar Transport: पटना. बिहार में भ्रष्टाचार की सीमा नये नये मुकाम हासिल कर चुकी है. अधिकारी इतने भ्रष्ट हो चुके हैं कि वो अब अपने सरकारी काम करने के लिए भी भाड़े के आदमी रख चुके हैं. ऐसा ही एक मामला बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में सामने आया है. बिहार में गाड़ियों की फिटनेस जांच का काम मोटर यान निरीक्षक के जिम्मे है, लेकिन पश्चिम चंपारण के मोटर यान निरीक्षक खुद जांच नहीं करते बल्कि इस काम के लिए वो भाड़े पर आदमी रखे हुए हैं. एमवीआई अपना सरकारी मोबाइल तक भाड़े के आदमियों के जिम्मे सौंप रखा है. पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय ने जब छापेमारी की तो इस खेल का खुलासा हुआ है.
सरकारी मोबाइल समेत कई कागजात जब्त
बेतिया के आईटीआई के मैदान में वाहनों के फिटनेस जांच के दौरान जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय अचानक पहुंच गये. जिलाधिकारी ने पाया कि मोटरयान निरीक्षक की जगह उनके दो खास लोग आधिकारिक रूप से वाहनों की जांच कर रहे हैं. राजू कुमार सिंह और राजीव कुमार मिश्र को तत्काल हिरासत में लिया गया. उनके पास से एमवीआई अनूप कुमार सिंह का सरकारी मोबाइल सहित चार अन्य मोबाइल फोन और वाहनों के फिटनेस जांच से संबंधित भारी संख्या में कागजात बरामद की गई है. मौके से एक बोलेरो व एक बाइक जब्त भी जब्त किया गया है.
अचानक पहुंचे डीएम दिनेश कुमार राय
पश्चिम चंपारण के डीएम दिनेश कुमार राय के निर्देश पर पकड़ गये राजू कुमार सिंह और राजीव कुमार मिश्र को मुफस्सिल पुलिस के हवाले कर दिया गया. मामले में डीटीओ अरुण प्रकाश ने दोनों के विरुद्ध मुफस्सिल थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. बताया जाता है कि डीएम को शिकायत मिली थी कि वाहनों का फिटनेस जांच और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में दलाल सक्रिय है. डीटीओ कार्यालय में दलालों के मार्फत ही काम हो रहा है. शिकायत के आलोक में डीएम दलबल के साथ अचानक आईटीआई पहुंच गए. वहां वाहनों का फिटनेस जांच हो रहा था. डीएम को देखते ही हड़कंप मच गया. दलाल इधर-उधर भागने लगे, लेकिन MVI के करीबी दो दलालों को पकड़ लिया गया.
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
स्थानीय पत्रकारों से बात करते हुए डीएम दिनेश कुमार राय ने बताया कि लगातार शिकायत मिल रही थी कि एमवीआई अनूप कुमार सिंह लगातार गायब रहते हैं. वो अपने आदमियों के माध्यम से लोगों का शोषण हो रहे हैं, जिसको लेकर छापेमारी की गई है. छापेमारी के दौरान दो लोगों को पकड़ा गया है. कुछ फरार हो गए हैं. पकड़े गये लोगों के पास एमवीआई सरकारी मोबाइल सहित चार मोबाइल, वाहनों के भारी फिटनेस के कागजात जब्त की गई है. दो वाहन जब्त किया गया है. पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. साथ ही अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी.
Also Read: एक माह में तीन एनकाउंटर, चार अपराधी ढेर, नये डीजीपी के आते ही बिहार पुलिस ने बदले तेवर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










