बिहार से दिल्ली, गुरुग्राम और कोलकाता जाना होगा आसान, BSRTC को मिलीं 73 बसें, इस दिन से शुरू होगी सेवा

Ai जेनरेटेड इमेज
बिहार से दिल्ली, गुरुग्राम, कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है. राज्य सरकार जल्द ही नई अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है. इस सेवा से सफर अधिक सुविधाजनक और सीधा हो जाएगा.
Bihar Inter-State Bus Service : बिहार से दूसरे राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार अगले माह के अंत तक नई अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है. इसके लिए परमिट बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) को 150 में से 73 नई बसें मिल चुकी हैं, जबकि बाकी बसों की आपूर्ति भी जल्द पूरी होने वाली है.
अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज
जानकारी अनुसार, बिहार सरकार ने अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी है. बसों के परिचालन के लिए आवश्यक परमिट बनाए जा रहे हैं. अधिकारियों के अनुसार अगले माह के अंत तक नई बसों का सं चालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
बीएसआरटीसी को मिल चुकी हैं 73 नई बसें
राज्य सरकार द्वारा खरीदी जा रही 150 नई बसों में से 73 बसें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) को मिल चुकी हैं. इन बसों का पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण भी किया गया था. शेष 77 बसें जल्द पटना पहुंचेंगी, जिन्हें आपूर्तिकर्ता कंपनी बीएसआरटीसी को सौंप देगी.
टाटा मोटर्स कर रही बसों की आपूर्ति
नई अंतरराज्यीय बसों की आपूर्ति टाटा मोटर्स द्वारा की जा रही है. कंपनी ने पहले चरण में 73 बसें उपलब्ध करा दी हैं. बाकी 77 बसों की डिलीवरी भी जल्द पूरी होने की उम्मीद है, जिसके बाद सभी बसों को विभिन्न रूटों पर उतारा जाएगा.
हरियाणा के साथ समझौता, दिल्ली से भी जल्द बनेगी सहमति
बिहार सरकार पहले ही उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के साथ अंतरराज्यीय बस संचालन के लिए समझौता कर चुकी है. हाल ही में हरियाणा सरकार के साथ भी सहमति बनी है, जिससे गुरुग्राम, अंबाला और फरीदाबाद जैसे शहरों के लिए बस सेवा शुरू हो सकेगी. वहीं दिल्ली सरकार के साथ भी बातचीत जारी है और अगले माह तक समझौता होने की उम्मीद जताई जा रही है.
उत्तर बिहार से सबसे अधिक बसों का होगा संचालन
नई अंतरराज्यीय बस सेवा का संचालन राज्य के छह प्रमुख डिपो से किया जाएगा. पटना के अलावा दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और पूर्णिया से सबसे अधिक बसें विभिन्न राज्यों के लिए चलाई जाएंगी. इन रूटों से दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम, कोलकाता और सिलीगुड़ी के लिए नियमित बस सेवा उपलब्ध होगी.
यात्रियों को मिलेगा सीधा और सुविधाजनक सफर
नई बस सेवा शुरू होने के बाद बिहार से दूसरे राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिलेगी. इससे निजी वाहनों और अन्य परिवहन साधनों पर निर्भरता भी कम होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










