दानापुर में छावनी परिषद के पास मिला 13 वर्षीय किशोर का शव: पास में मिली सिरिंज, ड्रग्स के ओवरडोज की आशंका
दानापुर में शव बरामद।
पटना के दानापुर में शनिवार रात से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव रविवार शाम को बांध किनारे संदिग्ध हालत में बरामद हुआ. मौके से सिरिंज मिलने के बाद पुलिस को ड्रग्स ओवरडोज की आशंका है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह का खुलासा होगा.
Patna News: दानापुर में शनिवार की रात से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव रविवार की शाम छावनी परिषद (कैंटोनमेंट बोर्ड) कार्यालय से सटे बांध किनारे संदिग्ध हालत में बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में ले लिया. बाद में मृतक की शिनाख्त मुबारकपुर शांति नगर निवासी अमरजीत राय के 13 वर्षीय पुत्र बंटी कुमार के रूप में हुई.
शनिवार रात 8 बजे से था लापता, अस्पताल पहुंचते ही बिलख पड़े परिजन
परिजनों ने बताया कि बंटी शनिवार की रात करीब 8 बजे घर से निकला था. देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिवार वाले उसकी खोजबीन में जुट गए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. रविवार की शाम जब बांध किनारे शव मिलने की सूचना मिली, तो परिजन अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. वहां बंटी का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया.
घटनास्थल से सिरिंज बरामद, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
शव की प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सिरिंज बरामद हुई है. मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं. मौके से मिली सिरिंज और प्राथमिक परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि किसी नशीले पदार्थ का अत्यधिक सेवन (ओवरडोज) मौत का कारण हो सकता है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत की असली वजह का खुलासा
पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है. मामले की जानकारी देते हुए दानापुर थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने कहा, "प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि नशीले पदार्थ का ओवरडोज लेने से बंटी की मौत हुई है. शव के पास से सिरिंज भी बरामद की गई है. हालांकि, मौत के वास्तविक और स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है."
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए