पटना : बाढ़ में 50 वर्षीय किसान का मिला शव, सुबह 4 बजे फसल देखने गए थे खेत, इन पर लगा हत्या का आरोप
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग
Barh Farmer killed : पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में एक किसान की खेत से फसल चोरी रोकने के प्रयास में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि चोरों ने किसान की गला घोंटकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में दहशत है.
बाढ़ से जयमणी कुमार की रिपोर्ट
आपके शहर में
Barh Farmer killed : पटना से सटे बाढ़ के पंडारक थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह खेत की रखवाली करने पहुंचे करीब 50 वर्षीय किसान का शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान बिहारी महतो के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि खेत में फसल चोरी रोकने पहुंचे बिहारी महतो की चोरों से मुठभेड़ हुई, जिसके दौरान गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
फसल चोरी से परेशान थे किसान
परिजनों के अनुसार, बिहारी महतो अपने खेत में लगी बैंगन और परवल की फसल की निगरानी के लिए सोमवार सुबह करीब चार बजे घर से निकले थे. बताया गया कि उनके खेत से लगातार परवल और बैंगन की चोरी हो रही थी. आसपास के खेतों में भी फसल चोरी की घटनाओं से किसान परेशान थे. इसी वजह से बिहारी महतो ने चोरों को पकड़ने के लिए खुद खेत में निगरानी करने का फैसला किया था.
परिजनों ने चोरों पर लगाया हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि खेत में पहुंचने के बाद बिहारी महतो की कथित रूप से चोरों से मुठभेड़ हो गयी. इस दौरान उन्होंने आरोपितों को पहचान लिया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई. परिजनों के अनुसार, इसी दौरान चोरों ने खुद को बचाने के लिए बिहारी महतो के गमछे से उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गयी.
घटना के बाद इलाके में मचा दहशत का माहौल
किसान की हत्या की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत के साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है.
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पंडारक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की. घटना की परिस्थितियों और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
आरोपितों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बिहारी महतो की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे. परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए