पटना : दनियावां में तटबंध टूटा, हजारों एकड़ धान की फसल डूबी, आक्रोशित किसानों ने SH-78 किया जाम
तटबंध टूटा
Daniyawan Embankment Breached :किस्मिरिया-घोरनपुरा गांव के पास लोकाइन और महात्माइन नदी का तटबंध टूटने से दनियावां और फतुहा प्रखंडों के हजारों एकड़ धान की फसल डूब गई है. इससे आक्रोशित किसानों ने बिहटा-दनियावां SH-78 को जाम कर दिया है.
Daniyawan Embankment Breached : पटना के दनियावां प्रखंड क्षेत्र में लोकाइन और महात्माइन नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच शुक्रवार की अहले सुबह किस्मिरिया-घोरनपुरा गांव के बीच ग्यारह बिगहवा खंधा में नदी का तटबंध टूट गया. तटबंध टूटते ही तेज रफ्तार से पानी खेतों की ओर फैलने लगा. देखते ही देखते दनियावां और फतुहा प्रखंड के दर्जनों गांवों के हजारों एकड़ में लगी धान की फसल पानी में डूब गयी. खेतों में कई फीट पानी जमा होने से किसानों की चिंता बढ़ गयी है.
आपके शहर में
तटबंध टूटने के बाद कई गांवों के खेतों में फैला पानी
तटबंध टूटने का असर किस्मिरिया और घोरनपुरा गांव तक सीमित नहीं रहा. पानी के तेज बहाव से बाकीपुर-मछरियावां पंचायत के मुरेरा से बांकीपुर जाने वाली चहबचवा खंधा का भी अलंग टूट गया. इससे बाकीपुर-मछरियावां और मोहिउद्दीनपुर पंचायत के कई गांवों के खेतों में पानी फैल गया.
वहीं, फतुहा प्रखंड के भी कई गांवों में नदी का पानी पहुंचने से धान की फसल प्रभावित हुई है. अचानक खेतों में पानी भरने से किसानों के सामने साल भर की मेहनत बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है.
किसानों का फूटा गुस्सा, SH-78 किया जाम
धान की फसल डूबने और तटबंध टूटने से नाराज किसान और ग्रामीण सड़क पर उतर आये. ग्रामीणों ने ढीबर हाईस्कूल के समीप बिहटा-दनियावां SH-78 को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यातायात व्यवस्था घंटों प्रभावित रही.

ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते तटबंध की सही तरीके से मरम्मत करायी गयी होती, तो आज किसानों को इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता. लोगों ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की.
दो माह पहले हुई थी तटबंध की मरम्मत
ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग पर तटबंध की मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया. किसानों का कहना है कि करीब दो माह पहले विभाग की ओर से नदी तटबंध की मरम्मत करायी गयी थी, लेकिन काम मजबूत तरीके से नहीं किया गया.
किसानों के अनुसार, पहली बड़ी बाढ़ में ही तटबंध टूट जाने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों ने तटबंध की जांच कराने और स्थायी रूप से मजबूत मरम्मत कराने की मांग की है.
जल संसाधन विभाग की टीम ने शुरू किया मरम्मत कार्य
तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग के अधिकारी और कर्मी मौके पर पहुंचे. समाचार प्रेषण तक एक्सक्यूटिव एसडीओ अरविंद कुमार और जेई की देखरेख में विभागीय टीम तटबंध को बांधने में जुटी थी.
विभागीय कर्मियों ने बोरे, मिट्टी समेत अन्य सामग्री की मदद से टूटे हिस्से को बंद करने का काम शुरू किया. इसका उद्देश्य पानी के बहाव को नियंत्रित करना और खेतों में आगे पानी फैलने से रोकना है.
हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि तत्काल मरम्मत के साथ तटबंध की स्थायी और मजबूत मरम्मत भी जरूरी है. किसानों ने आरोप लगाया कि पहले भी मरम्मत के दौरान खानापूर्ति की गयी, जिसका नुकसान अब उनकी फसल को उठाना पड़ रहा है.
हजारों एकड़ फसल बर्बाद होने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, तटबंध टूटने के बाद जिस तेजी से पानी खेतों में फैला है, उससे हजारों एकड़ में लगी धान की फसल के बर्बाद होने की आशंका है. किसानों ने बताया कि धान की फसल तैयार होने के समय खेतों में पानी भरने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है.
कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की है. ऐसे में फसल बर्बाद होने से उनकी आर्थिक स्थिति और खराब होने की चिंता है. किसानों ने प्रशासन से प्रभावित इलाकों में फसल क्षति का आकलन कराने की मांग की है.
किसानों ने मुआवजे और स्थायी समाधान की मांग की
किसानों ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से टूटे तटबंध की जल्द मजबूत तरीके से मरम्मत कराने, नदी के पानी के बहाव को नियंत्रित करने और प्रभावित किसानों की फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि तटबंध को समय रहते पूरी तरह सुरक्षित नहीं किया गया, तो पानी का फैलाव और बढ़ सकता है. इससे दनियावां और फतुहा प्रखंड की अन्य पंचायतों के गांव और खेत भी प्रभावित होने की आशंका है.
Also Read : पटना से 50 हजार का इनामी अपराधी अंगद बहादुर सिंह गिरफ्तार, कंकड़बाग में बिहार STF ने घेराबंदी कर पकड़ा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए