ePaper

बेगूसराय के दो रेलवे स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत होगा विकास

Updated at : 03 Jan 2023 3:06 AM (IST)
विज्ञापन
बेगूसराय के दो रेलवे स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत होगा विकास

रेल मंत्रालय ने स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना नाम से एक नयी नीति तैयार की है. इसमें सोनपुर मंडल द्वारा चयनित 15 स्टेशनों की सूची में बेगूसराय के दो स्टेशनों को शामिल किया गया है.

विज्ञापन

बरौनी-कटिहार रेलखंड पर स्थित लखमिनियां एवं साहेबपुर कमाल स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जायेगा. रेल मंत्रालय ने स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना नाम से एक नयी नीति तैयार की है. इसमें सोनपुर मंडल द्वारा चयनित 15 स्टेशनों की सूची में बेगूसराय के भी इन दोनों स्टेशनों को शामिल किया गया है. इसके तहत लखमिनियां स्टेशन और साहेबपुरकमाल जंक्शन को विभिन्न प्रकार की उच्च क्षमता वाले नयी सुविधाओं की उपलब्धता के साथ-साथ पहले से मौजूद सुविधाओं को भी उन्नत किया जायेगा.

एक हजार से अधिक छोटे स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण 

जानकारी के अनुसार रेल मंत्रालय ने आने वाले वर्ष में एक हजार से अधिक छोटे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए नयी योजना विकसित की है. यह योजना रेल मंत्रालय के स्टेशन पुन: विकास अभियान और अमृत भारत स्टेशन योजना का हिस्सा होगी. योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों की मास्टर प्लान तैयार करना और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए चरणों में मास्टर प्लान का कार्यान्वयन करना है.

पुरानी सुविधाओं को भी किया जाएगा अपग्रेड 

स्टेशन पर नयी सुविधाओं की शुरूआत के साथ ही पुरानी सुविधाओं को भी इस योजना के तहत अपग्रेड किया जायेगा. अमृत भारत स्टेशन योजना में दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ निरंतर आधार पर स्टेशनों के विकास की परिकल्पना की गयी है. इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों के लिए मास्टर प्लान तैयार करना और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विभिन्न चरणों में मास्टर प्लान को लागू करना है.

उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म बनाये जायेंगे

विभिन्न ग्रेड के प्रतीक्षालय को क्लब करने का प्रयास किया जायेगा और जहां तक संभव हो सकेगा अच्छा कैफेटेरिया और खुदरा सुविधाएं प्रदान की जायेगी. सभी श्रेणियों के स्टेशनों पर उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म (760-840 एमएम) बनाये जायेंगे. प्लेटफार्मों की लंबाई आम तौर पर छह सौ मीटर की होगी. स्टेशन पर मुफ्त वाइफाइ की सुविधा उपलब्ध होगी, इसके लिए फाइव जी नेटवर्क के टावर लगाये जायेंगे. प्रतीक्षालय, प्लेटफाॅर्म, विश्राम कक्ष, कार्यालयों में अधिक आरामदायक और टिकाऊ फर्नीचर होंगे. चरणबद्ध तरीके से बहु-डिजाइन फर्नीचर को समाप्त कर एक डिजाइन का फर्नीचर रहेगा.

महिलाओं और दिव्यांगों का विशेष ध्यान रखा जायेगा

महिलाओं और दिव्यांगों का विशेष ध्यान रखा जायेगा. सभी श्रेणी के स्टेशनों पर महिलाओं और दिव्यांगों के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालय बनाये जायेंगे. सड़कों को चौड़ा करके, अवांछित संरचनाओं को हटाकर, उचित रूप से डिजाइन किये गये साइनेज, पैदल मार्ग, सुनियोजित पार्किंग क्षेत्र, बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन के दृष्टिकोण में सुधार किया जायेगा. स्टेशनों पर दिव्यांगों के लिए सुविधाएं रेलवे बोर्ड द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी.

Also Read: गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने के लिए हर स्तर पर दिए गए निर्देश, नए लुक के लिए सर्वे का काम शुरू
पुराने और बेकार भवनों का भी किया जाएगा प्रयोग 

इस योजना के तहत पुराने या बेकार भवनों का उपयोग उच्च प्राथमिकता यात्री संबंधी गतिविधियों के लिए किया जायेगा. वेटिंग रूम को छोटे-छोटे विभाजन के माध्यम से बांटा जायेगा तथा स्टेशन पर एक्जीक्यूटिव लाउंज और छोटी व्यावसायिक बैठकों के लिए भी स्थान बनाये जायेंगे. स्टेशन यात्रियों को सुखद अनुभव कराने के लिए हरियाली तथा स्थानीय कला और सांस्कृतिक से जुड़े तत्वों से स्टेशन को सजाया जायेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन