पटना के गांधीनगर लॉज में साइबर गिरोह का खुलासा, 122 ATM कार्ड और चेकबुक बरामद; बदमाश फरार
AI से बनाई गई तस्वीर
पटना के गांधीनगर में पुलिस ने साइबर ठगों के ठिकाने पर छापा मारा। मौके से 122 एटीएम कार्ड और कीमती गहने बरामद किए गए, आरोपी फरार हैं।
patna Cyber Fraud : पत्रकारनगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर स्थित एक लॉज में साइबर फ्रॉड गिरोह के सक्रिय होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की. पुलिस के पहुंचने से पहले ही कमरे में मौजूद साइबर बदमाश फरार हो गये. हालांकि, कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न निजी और सरकारी बैंकों के 122 एटीएम कार्ड, एक चेकबुक समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद किये. मामले में पुलिस के बयान पर दो आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
आपके शहर में
गांधीनगर के लॉज में साइबर फ्रॉड की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधीनगर शिव मंदिर के पीछे स्थित एक लॉज के कमरे से साइबर फ्रॉड का कारोबार संचालित किया जा रहा है. सूचना के आधार पर पत्रकारनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही कमरे में मौजूद संदिग्ध फरार हो गये और कमरा अंदर से बंद मिला. इसके बाद मकान मालिक और अन्य किरायेदारों की मौजूदगी में कमरे को खोला गया.
कमरे से 122 ATM कार्ड और चेकबुक बरामद
कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग निजी और सरकारी बैंकों के कुल 122 एटीएम कार्ड मिले. इसके अलावा एक चेकबुक भी बरामद हुई. बड़ी संख्या में अलग-अलग खातों के एटीएम कार्ड मिलने के बाद पुलिस को साइबर फ्रॉड गिरोह के सक्रिय होने का शक और गहरा गया. पुलिस अब बरामद एटीएम कार्ड से जुड़े खातों और लेनदेन की जांच कर रही है.
ATM क्लोनिंग और कार्ड बदलकर निकासी का आरोप
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह एटीएम कार्ड की क्लोनिंग करने के साथ लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रकम निकालता था. इसके अलावा म्यूल खातों से एटीएम के माध्यम से पैसे निकालने का काम भी गिरोह द्वारा किये जाने की आशंका है. पुलिस बरामद सामान के आधार पर गिरोह के नेटवर्क और साइबर ठगी के तरीके की जांच कर रही है.
कमरे से सोने-चांदी के आभूषण भी मिले
तलाशी के दौरान पुलिस को मंगलसूत्र का सोने का लॉकेट, एक जोड़ी चांदी की पायल और छह चांदी की बिछिया भी मिली. आभूषण मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि कमरे में किसी महिला का भी आना-जाना था. हालांकि लॉज के कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ के बावजूद महिला के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी.
विकास और बसंत के खिलाफ FIR, तलाश में छापेमारी
मकान मालिक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस के सामने शेखपुरा जिले के अरियारी थाना क्षेत्र के राउंदी गांव निवासी विकास कुमार और बसंत कुमार के नाम सामने आये. पुलिस के बयान पर दोनों के खिलाफ पत्रकारनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
बरामद ATM कार्ड से खुलेगा साइबर नेटवर्क का राज
पुलिस अब बरामद 122 एटीएम कार्ड और चेकबुक की जांच के साथ इनसे जुड़े बैंक खातों और लेनदेन का ब्योरा खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने कितने लोगों को निशाना बनाया और इसके तार किन-किन इलाकों तक जुड़े हैं. आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए