नेहा बोरा ने GenZ को पटना बुलाया, क्या फिर होगा बड़ा आंदोलन? कॉकरोच प्रोटेस्ट से हुई थी फेमस, इस युवा नेता को जानिए
नेहा वोरा की फाइल फोटो
पटना में छात्र और युवा राजनीति से जुड़ा एक कार्यक्रम 6 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है. AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा सुबह 11 बजे SK Memorial हॉल पहुंचेंगी. उन्होंने बिहार के Gen Z छात्रों और युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. कार्यक्रम को लेकर छात्र संगठनों के बीच चर्चा शुरू हो गई है.
AISA President Neha Bora at Patna: पटना में एक बार फिर छात्र और युवा आंदोलन की आहट सुनाई दे रही है. AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने GenZ को पटना पहुंचने का आह्वान किया है, जिसके बाद सवाल उठने लगा है कि क्या राजधानी में फिर कोई बड़ा आंदोलन आकार लेगा. नेहा बोरा इससे पहले ‘कॉकरोच प्रोटेस्ट’ को लेकर सुर्खियों में आई थीं. छात्र मुद्दों, शिक्षा, रोजगार और परीक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी सक्रियता लगातार चर्चा में रही है. अब पटना में GenZ की संभावित लामबंदी ने राजनीतिक हलकों की भी नजरें खींच ली हैं.
आपके शहर में
SK Memorial हॉल में रखा गया है कार्यक्रम
नेहा बोरा 6 सितंबर को पटना पहुंचेंगी. वह सुबह 11 बजे SK Memorial में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी. नेहा बोरा ने बिहार के Gen Z छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है. उनके इस आह्वान के बाद छात्र राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ने की चर्चा है. कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े मुद्दों और छात्र हितों से संबंधित विषयों पर बातचीत होने की संभावना है. नेहा बोरा की सक्रिय छात्र राजनीति और आंदोलनों में भूमिका को देखते हुए इस कार्यक्रम पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की भी नजर है.
नेहा वोरा का GenZ से अपील
नेहा वोरा ने एक वीडियों संदेश में कहा कि बिहार, जहां हाल के घटनाक्रमों में AK-चला, गनशॉट से कई छात्र घायल हुए साथ ही 15 वर्ष के युवाओं पर केस किया गया. यहां युवाओं के सामने रोजगार, शिक्षा समेत कई चुनौतियां हैं. अब इसी बिहार के नौजवान बदलाव की आवाज उठाने की तैयारी में हैं. इसी पहल के तहत मैं 6 सितंबर को पटना पहुंच रही हूं. उन्होंने बिहार के युवाओं और Gen Z से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. कार्यक्रम पटना में सुबह 11 बजे आयोजित होगा. नेहा बोरा ने युवाओं से बड़ी संख्या में पहुंचने और बदलाव की इस पहल का हिस्सा बनने का आह्वान किया है.
कौन है नेहा वोरा?
नेहा बोरा का संबंध मूल रूप से उत्तराखंड से है, लेकिन उनका बचपन अलग-अलग शहरों में बीता. शुरुआती जीवन का एक हिस्सा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी गुजरा. अलग-अलग राज्यों और शहरों में रहने के कारण उन्हें विविध सामाजिक और शैक्षणिक वातावरण को समझने का अवसर मिला. आगे चलकर उनके विचारों और छात्र राजनीति में भी इसकी झलक देखने को मिली.
बचपन से ही नेहा की दिलचस्पी सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रही. थिएटर, साहित्य, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से भी उनका जुड़ाव रहा. समय के साथ उन्होंने शिक्षा और सामाजिक आंदोलनों को अपने सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया.
DPS सिलीगुड़ी से JNU तक का सफर
नेहा बोरा ने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), सिलीगुड़ी से पूरी की. उन्होंने आर्मी पब्लिक स्कूल, बेंगलुरु में भी अध्ययन किया. स्कूल के दिनों में ही वह थिएटर और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रहने लगी थीं.
स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई की. विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान छात्र संगठनों और कैंपस से जुड़े मुद्दों में उनकी रुचि बढ़ी. इसके बाद उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली से एमए किया.
वर्तमान में नेहा बोरा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड एस्थेटिक्स में पीएचडी कर रही हैं. उनका अकादमिक काम संस्कृति, कला, समाज, राजनीति और सार्वजनिक विमर्श जैसे विषयों से संबंधित है. नेहा का मानना है कि विश्वविद्यालयों की भूमिका सिर्फ डिग्री देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए. उनके अनुसार, छात्रों को वहां अपने विचार रखने, सवाल पूछने और विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बहस करने का अवसर मिलना चाहिए.
छात्र राजनीति की ओर कैसे बढ़ा कदम
नेहा बोरा ने शुरुआत में राजनीति को अपने करियर के रूप में नहीं चुना था. विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह छात्र समस्याओं से जुड़े कार्यक्रमों, बैठकों और अभियानों में हिस्सा लेने लगीं. फीस वृद्धि, छात्रवृत्ति, हॉस्टल सुविधाओं, सार्वजनिक शिक्षा और छात्रों से जुड़े दूसरे मुद्दों पर उनकी सक्रियता बढ़ती गयी.
इसी क्रम में वह ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) से जुड़ीं. संगठन में जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने दिल्ली इकाई में भी काम किया. लंबे समय तक संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने के बाद उन्हें AISA के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली.
JNU की छात्र राजनीति से राष्ट्रीय पहचान तक
AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नेहा बोरा छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं. AISA का JNU की छात्र राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रहा है.
नेहा की पहचान शिक्षा नीति, परीक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, सार्वजनिक शिक्षा, रोजगार और छात्र अधिकारों जैसे मुद्दों पर आंदोलनों से जुड़ी रही है. विश्वविद्यालयों और छात्र सभाओं के अलावा सार्वजनिक मंचों पर भी वह शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली, छात्र प्रतिनिधित्व और रोजगार जैसे विषयों पर अपनी राय रखती रही हैं.
23 दिनों के अनशन से सुर्खियों में आयीं
नेहा बोरा उस समय व्यापक चर्चा में आयीं, जब एक छात्र आंदोलन के दौरान उन्होंने लगातार 23 दिनों तक भूख हड़ताल की. लंबे समय तक चले इस अनशन के दौरान उनकी सेहत बिगड़ने लगी. दावा किया गया कि इस दौरान उनका वजन करीब साढ़े सात किलो तक कम हो गया और उनका ब्लड प्रेशर भी काफी नीचे चला गया. इसके बावजूद उन्होंने आंदोलन जारी रखा.
स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने उनसे मुलाकात की. अभिनेत्री शबाना आजमी भी जंतर-मंतर पहुंचीं और नेहा का हाल जाना. बाद में शबाना आजमी के हाथों ही नेहा का अनशन समाप्त कराया गया.
जंतर-मंतर पर चले छात्र आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई सार्वजनिक हस्तियों ने भी नेहा से मुलाकात की. सांसद चंद्रशेखर आजाद समेत अन्य सामाजिक और राजनीतिक लोगों की मौजूदगी के कारण आंदोलन को और चर्चा मिली. इन घटनाओं के बाद नेहा बोरा राष्ट्रीय मीडिया में भी सुर्खियों में रहीं.
विवादों को लेकर भी चर्चा में रहा नाम
छात्र आंदोलन से जुड़े अपने सक्रिय राजनीतिक जीवन के दौरान नेहा बोरा का नाम कुछ विवादों को लेकर भी चर्चा में रहा. जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दौरान लगाए गए कुछ नारों को लेकर विरोधियों ने सवाल उठाए थे. इसके अलावा स्वतंत्र पत्रकार रुचि तिवारी से जुड़े कथित विवाद की चर्चा भी सोशल मीडिया पर हुई.
हालांकि, इन मामलों को लेकर अलग-अलग पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए. वहीं, AISA की ओर से लगातार यह कहा जाता रहा है कि संगठन छात्रों के अधिकारों और उनके मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए