बिहार के 8 से 10 हजार छात्र नहीं भर सकेंगे इंटर की परीक्षा फॉर्म, 16 सितंबर है आखिरी तारीख, जानें वजह
Ai जेनरेटेड इमेज
बिहार के हजारों इंटर परीक्षार्थियों के लिए अहम खबर है. अभिभावकों के हस्ताक्षर वाला घोषणा पत्र जमा न करने वाले 8 से 10 हजार छात्र इस बार इंटर परीक्षा का फॉर्म नहीं भर सकेंगे. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने ऐसे विद्यार्थियों का मूल सूचीकरण कार्ड जारी नहीं किया है.
Bihar Intermediate Exam Form : बिहार में इंटर परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है. अभिभावकों के हस्ताक्षर वाला घोषणा पत्र जमा नहीं करने वाले राज्य के 8 से 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं इस बार इंटर परीक्षा का फॉर्म नहीं भर सकेंगे. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने ऐसे विद्यार्थियों का मूल सूचीकरण कार्ड जारी नहीं किया है. इनमें पटना जिले के विद्यार्थी भी शामिल हैं.
आपके शहर में
डमी सूचीकरण कार्ड के बाद मांगा गया था घोषणा पत्र
इंटर परीक्षार्थियों के रजिस्ट्रेशन के बाद बिहार बोर्ड ने डमी सूचीकरण कार्ड पोर्टल पर अपलोड किया था. स्कूल-कॉलेजों के प्रधानाध्यापकों को डमी कार्ड डाउनलोड कर विद्यार्थियों के नाम, जन्मतिथि, विषय और अन्य विवरणों की जांच करनी थी.
गलती नहीं थी फिर भी देना था घोषणा पत्र
डमी सूचीकरण कार्ड में किसी तरह की त्रुटि मिलने पर उसे सुधार कराने के साथ अभिभावकों के हस्ताक्षर वाला घोषणा पत्र जमा करना था. वहीं, जिन विद्यार्थियों के डमी सूचीकरण कार्ड में कोई गलती नहीं थी, उनके लिए भी यह घोषणा पत्र देना अनिवार्य किया गया था. इसमें यह पुष्टि करनी थी कि सूचीकरण कार्ड में दर्ज सभी जानकारी सही है.
जिनका घोषणा पत्र मिला, उन्हीं का जारी हुआ मूल कार्ड
बोर्ड के अनुसार जिन विद्यार्थियों का घोषणा पत्र जमा किया गया, उन्हीं का मूल सूचीकरण कार्ड जारी किया गया है. अब इंटर परीक्षा का फॉर्म भरने के लिए जारी सूची में भी उन्हीं विद्यार्थियों के नाम शामिल किये गये हैं. घोषणा पत्र जमा नहीं करने वाले विद्यार्थियों को इस सूची में जगह नहीं मिली है.
स्कूलों को कई बार दिया गया था निर्देश
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने कहा है कि घोषणा पत्र जमा करने को लेकर स्कूल-कॉलेजों को कई बार निर्देश दिये गये थे. इसके बावजूद जिन विद्यार्थियों का घोषणा पत्र बोर्ड को नहीं मिला, उन्हें इंटर परीक्षा का फॉर्म भरने की सूची में शामिल नहीं किया गया है. ऐसे विद्यार्थियों के सामने अब परीक्षा फॉर्म भरने का संकट खड़ा हो गया है.
अंगीभूत कॉलेजों के छात्रों के लिए भी नियम
अंगीभूत डिग्री कॉलेजों में सत्र 2024-26 से इंटर में नामांकन बंद है. हालांकि, इन कॉलेजों में 2024-26 से पहले नामांकित विद्यार्थी पूर्ववर्ती छात्र के रूप में उसी कॉलेज से इंटर परीक्षा का फॉर्म भर सकेंगे.
पुराने यूजर आईडी-पासवर्ड से भरा जायेगा फॉर्म
ऐसे विद्यार्थियों का परीक्षा फॉर्म संबंधित कॉलेज द्वारा भरा जायेगा. इसके लिए कॉलेज पहले से मिले यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करेंगे. साथ ही विद्यार्थियों का परीक्षा शुल्क भी जमा कराया जायेगा.
Also Read : पटना-गया रेलखंड पर आज भी रद्द रहेंगी 10 MEMU ट्रेनें, 10 का बदला रूट, देखें पूरी लिस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए