बीमार बच्चे को डॉक्टर के पास ले जा रहे युवक ने चालान काटने पर किया हंगामा
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :11 Nov 2019 5:13 AM (IST)
विज्ञापन

पटना : बीमार बच्चे को डॉक्टर के पास ले जा रहे युवक ने रविवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान विधानसभा गेट के समीप चालान काटने पर आधा घंटा तक हंगामा किया. युवक बुलेट मोटर साइकिल से एक महिला और बच्चे के साथ जा रहा था. पीछे बैठी महिला के सिर पर हेलमेट नहीं […]
विज्ञापन
पटना : बीमार बच्चे को डॉक्टर के पास ले जा रहे युवक ने रविवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान विधानसभा गेट के समीप चालान काटने पर आधा घंटा तक हंगामा किया. युवक बुलेट मोटर साइकिल से एक महिला और बच्चे के साथ जा रहा था. पीछे बैठी महिला के सिर पर हेलमेट नहीं देख कर वाहन जांच कर रही टीम ने वाहन रुकवाया. उसके बाद युवक की मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी से बहस होने लगी.
युवक ने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए ट्रैफिक एसपी अमरकेश डी से सिपाही की बात करवायी. एसपी ने पेंडिंग चालान काट कर युवक को जाने देने का निर्देश दिया. युवक ने पेंडिंग चालान कटवाने की बजाय सामने की सड़क से जांचकर्मियों की पकड़ से बच कर निकल जा रहे लोगों की तरफ इशारा किया और उस पर सवाल उठाये. साथ ही, ऐसे लोगों का वीडियो भी बनाया.
कॉल पर उसके पिता और भाई भी आ गये और जांचकर्मियों से बच्चे के बीमार होने और डॉक्टर के पास इलाज के लिए जाने की बात कही. बाद में युवक ने एक हजार रुपये जुर्माना का पेंडिंग रसीद कटा लिया और मामले को न्यायालय तक ले जाने की बात कहते हुए अपने परिजन के साथ चला गया.
महिलाओं और बच्चों का अधिक हुआ फाइन
पिछले तीन चार दिनों में बिना हेलमेट या सीट बेल्ट लगा कर चलनेवालों की संख्या में कमी दिख रही है. अब ज्यादातर चालक हेलमेट लगा कर बाइक चलाते दिख रहे हैं और पकड़े जाने वालों में अधिकतर ऐसे लोग होते हैं जो अपने पीछे पत्नी या किसी अन्य महिला और बच्चों को बिठा कर ले जाते हैं.
महिला सवारों और बच्चों में ज्यादातर के पास अभी भी न तो हेलमेट है और न ही उसे लगा कर चलने का चलन विकसित हुआ है. लिहाजा वे यातायात नियमों के उल्लंघन के दायरे में आ जाते हैं. रविवार को बिहार विधानसभा के सामने हुए फाइन में भी पुरुषों से अधिक संख्या महिलाएं और बच्चों के हेलमेट नहीं पहनने को लेकर किये गये फाइन की रही.
325 की हुई जांच, प्रदूषण फेल 27 वाहन जब्त, 38 पर जुर्माना
पटना. प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ रविवार को भी परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान 325 वाहनों की जांच की गयी, जिनमें प्रदूषण फैलाने वाले 27 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि 38 पर जुर्माना लगाया गया.
ज़ीरो माइल, धनुकी मोड़, विधानसभा के पास और सगुना मोड़ में परिवहन विभाग की चार टीमों ने वाहनों के प्रदूषण की जांच की. जीरो माइल में वाहन जांच के दौरान तीन ऑयल टैंकर के प्रदूषण की भी जांच की गयी. इनमें दो पास हुए और एक फेल हो गया.
प्रदूषण फेल ऑयल टैंकर को जब्त कर ट्रांसपोर्ट नगर थाना भेज दिया गया. परिवहन सचिव संजय अग्रवाल ने बताया कि पटना शहर की परिवेशीय वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक है कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित किया जाये.
प्रदूषण फैलाने वाले हर तरह के वाहनों पर चरणवार कार्रवाई की जायेगी. विशेष जांच अभियान में अभी मुख्य रूप से ऑटो, पिकअप वैन, सिटी बस, ऑयल टैंकर और जुगाड़ के प्रदूषण की जांच की जा रही है. हर जांच टीम के साथ मोबाइल पाॅल्यूशन वैन की व्यवस्था की गयी है. टीम में एमवीआइ, इएसआइ और रोड सेफ्टी से जुड़े अधिकारी शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




