पटना : थानेदार ने घूस में मांगा ब्रांडेड जूता, ऑडियो हुआ वायरल
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 23 Sep 2019 9:21 AM
विज्ञापन
पटना : राजधानी की स्मार्ट पुलिस ने नैतिकता त्याग कर इन दिनों घूस में जूता लेना भी शुरू कर दिया है. मामला दीघा थाने की पुलिस का है, जहां के एक दारोगा (सहायक थाना प्रभारी) ने दीघा के रहने वाले शत्रुघ्न यादव नाम के एक युवक से ब्रांडेड जूते की डिमांड की है. दरअसल शत्रुघ्न […]
विज्ञापन
पटना : राजधानी की स्मार्ट पुलिस ने नैतिकता त्याग कर इन दिनों घूस में जूता लेना भी शुरू कर दिया है. मामला दीघा थाने की पुलिस का है, जहां के एक दारोगा (सहायक थाना प्रभारी) ने दीघा के रहने वाले शत्रुघ्न यादव नाम के एक युवक से ब्रांडेड जूते की डिमांड की है. दरअसल शत्रुघ्न की खानदानी जमीन पर पिछले कई सालों से विवाद चल रहा है. विवाद सुलझाने के लिए वह पिछले कई दिनों से दीघा थाने का चक्कर लगा रहा था. लेकिन, काम कराने के एवज में दीघा थाने के सहायक थाना प्रभारी के पद पर तैनात पंकज कुमार ने अपने बेटे के लिए युवक से जूता लाने की मांग की. इस मामले में सिटी एसपी ने डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर को जांच कर दो दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगी है.
जूता मांगने की रिकॉर्डिंग हुई वायरल : शत्रुघ्न यादव ने बताया कि दारोगा पंकज कुमार को तत्काल सात हजार रुपये दिये. फिर पंकज कुमार ने अपने दलाल मुकेश के माध्यम से अपने बेटे के लिए ब्रांडेड जूते की डिमांड कर दी. शत्रुघ्न को मुकेश दुकान पर ले गया और 2500 रुपये का ब्रांडेड कंपनी का जूता भी पसंद किया. लेकिन, शत्रुघ्न के पास महज 1500 रुपये थे. लेकिन, दारोगा जी ने दबाव देकर एक हजार का इंतजाम करने को कहा. अपने मित्र से शत्रुघ्न ने पैसे लिये और किसी तरह जूता खरीदा. जूते मांगने की सभी बातें मोबाइल में रिकॉर्ड हो गयी है, जो पुलिस के आला अधिकारियों के पास भी वायरल होकर पहुंच गयी.
जमीन पर धारा-144 लगाने को गया था थाना
बातचीत के दौरान शत्रुघ्न यादव ने कहा कि उसकी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है. जिसे छुड़ाने के लिए वह चाहता है कि जमीन पर धारा-144 लग जाये. पंकज कुमार से शत्रुघ्न जब मिला तो थानाध्यक्ष ने उससे जमीन पर 144 लगाने के एवज में पैसे व जूते की मांग की. जूते व रुपये देने के बाद भी जब काम नहीं हुआ, तो वह नाराज हो गया और मीडिया के सामने पुलिस की पोल खोल दी.
बोले डीएसपी
घूस में जूता मांगना, खरीदे गये जूते की पर्ची व बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली है. मामला क्या है इसकी जांच की जा रही है. जिस दारोगा पर आरोप लग रहे हैं उनसे भी पूछताछ जारी है. इसके लिए कुछ सीनियर पुलिसकर्मियों को लगाया गया है. दो दिन के अंदर जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है. रिपोर्ट आने के बाद एसपी को सौंप दिया जायेगा, इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
राकेश कुमार, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










