पटना में ट्रेवल एजेंसी कर्मी ने किया सुसाइड का प्रयास, गिरने से मौत; वीडियो कॉल पर ब्लैकमेल कर रहा था कोई
मृतक की तस्वीर
पटना के विग्रहपुर में एक 26 वर्षीय ट्रेवल एजेंसी कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. खुदकुशी के प्रयास के दौरान गिरने से सिर में चोट लगने की बात कही जा रही है. परिवार ने मोबाइल जांच की मांग की है.
Patna News : पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के विग्रहपुर में किराये के कमरे में अकेले रहने वाले 26 वर्षीय युवक निवेश कुमार उर्फ विक्की की मौत हो गई . जानकारी के अनुसार युवक ने खुदकुशी का प्रयास किया, इसी दौरान नीचे गिरने से उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गयी और उसकी मौत हो गयी. निवेश एक ट्रेवल एजेंसी में काम करता था और शादीशुदा था.
आपके शहर में
मृतक मूल रूप से धनरूआ थाना क्षेत्र के मोरयामा गांव का रहने वाला था. उसके परिवार का धनरूआ में एक मॉल भी है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. परिजनों ने शुरुआत में शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था, लेकिन बाद में वे इसके लिए तैयार हो गये. इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
एफएसएल जांच में दीवार से सिर टकराने की बात सामने आई
जक्कनपुर थानाध्यक्ष ऋतुराज ने बताया कि मामले में किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है. प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक ने गमछे से पंखे में फांसी का फंदा बनाया था और खुदकुशी का प्रयास किया.
थानाध्यक्ष के अनुसार, इसी दौरान गमछे की गांठ खुल गयी या टूट गयी, जिससे युवक नीचे गिर गया. गिरने के दौरान उसका सिर दीवार से जा टकराया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि घटनास्थल की एफएसएल जांच के दौरान भी दीवार से सिर टकराने के कारण गंभीर चोट लगने की बात सामने आयी है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
फोन पर रिस्पांस नहीं मिलने पर परिजनों को हुआ शक
विक्की के चाचा विनय कुमार शर्मा ने बताया कि वह विग्रहपुर स्थित किराये के कमरे में अकेले रहता था. सोमवार को उससे बातचीत नहीं हुई थी. परिजनों ने जब उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो कोई रिस्पांस नहीं मिला.
बरबीघा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का हंगामा, ट्रैक पर बैठकर पटना जाने वाली ट्रेन को रोका, रेल मंत्री-सांसद के खिलाफ जमकर लगाएं नारे
इसके बाद परिजनों ने अपने कुछ परिचितों को उसके कमरे पर जाकर देखने के लिए कहा. जब वे लोग कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़कर खोला गया तो निवेश उर्फ विक्की पलंग से नीचे गिरा हुआ मृत अवस्था में मिला.
वीडियो कॉल पर बात करने की बात, मोबाइल जांच की मांग
परिजनों का कहना है कि विक्की किसी व्यक्ति से मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर रहा था. इसी दौरान उसके साथ यह घटना हुई. परिजनों ने आशंका जतायी है कि कोई व्यक्ति उसे ब्लैकमेल कर रहा था.
परिजनों ने पुलिस से उसके मोबाइल फोन की जांच कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले वह किससे बात कर रहा था और उसके साथ किसी तरह का दबाव या ब्लैकमेलिंग का मामला था या नहीं.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल की एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है.
मंत्री विजय सिन्हा का ऐलान-जहरीला पेय वजह हो-ना हो, बाढ़ के चारों मृतकों को सरकार देगी सहायता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए